रायपुर। Chhattisgarh Kranti Sena. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के महादेव घाट में छठ पर्व की तैयारियों के तहत चलाए जा रहे साफ-सफाई अभियान के दौरान नगर निगम की जेसीबी से नाविकों की तीन नावें क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के बाद नाविकों में नाराजगी फैल गई। मामले को लेकर छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। आखिरकार निगम प्रशासन ने एक महीने के भीतर तीनों पीड़ित नाविकों को नई नाव बनाकर देने का लिखित आश्वासन दिया है।
बिना सूचना लगाए गए जेसीबी से हुआ नुकसान
जानकारी के अनुसार, छठ पर्व को देखते हुए बीती रात नगर निगम जोन-8 के कमिश्नर के निर्देश पर महादेव घाट में साफ-सफाई का कार्य कराया जा रहा था। इसी दौरान निगम प्रशासन की ओर से बिना किसी पूर्व सूचना के जेसीबी मशीन को काम पर लगा दिया गया। आरोप है कि जेसीबी की चपेट में आने से महादेव घाट में पर्यटकों और सैलानियों को सैर कराने वाली तीन नावें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
घटना की जानकारी मिलते ही नाविक मौके पर पहुंचे और जेसीबी चालक को काम रोकने के लिए कहा। समय रहते मशीन को हटाए जाने से अन्य नावों को नुकसान होने से बचा लिया गया।
छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने किया जोरदार प्रदर्शन
नावों के क्षतिग्रस्त होने के विरोध में छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के पदाधिकारियों और सेनानियों ने दिनभर नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान जोन-8 कमिश्नर राजेश्वरी पटेल भी मौके पर पहुंचीं।
इसके बाद निगम मुख्यालय में उपायुक्त रवि राही के साथ क्रांति सेना के अध्यक्ष डॉ. अजय यादव, युवा क्रांति सेना अध्यक्ष शिवेंद्र वर्मा और मीडिया प्रभारी राहुल वर्मा की चर्चा हुई। इस दौरान तीनों पीड़ित नाविक भी मौजूद रहे। बैठक में पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा भी उपस्थित थे।
एक महीने में तीन नई नावें देने का लिखित आश्वासन
लंबी चर्चा के बाद निगम प्रशासन की ओर से पीड़ित तीनों नाविकों को एक महीने के भीतर तीन नई नावें बनाकर देने का लिखित आश्वासन दिया गया है। इसके साथ ही नई नावें मिलने तक प्रभावित नाविकों को कलेक्टर दर पर रोजगार उपलब्ध कराने की बात भी लिखित रूप से कही गई है।

