रायपुर। राजधानी रायपुर में चोरी, लूट और झपटमारी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में सिविल लाइन थाना पुलिस ने ई-रिक्शा में सवार यात्री से लूटपाट करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने ऑक्सीजोन गार्डन के पास वारदात को अंजाम देते हुए यात्री के पास रखे 3 हजार रुपये नकद और वीवो कंपनी का मोबाइल फोन छीन लिया था।

मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी मदेश मानापुरे 13 नवंबर 2026 को ई-रिक्शा क्रमांक CG 04 NS 6418 में सवार होकर रेलवे स्टेशन जा रहे थे। इसी दौरान ऑक्सीजोन गार्डन के पास ई-रिक्शा चालक ने वाहन रोक दिया और अपने साथी के साथ मिलकर यात्री की जेब में रखे 3 हजार रुपये और वीवो मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गया।

घटना के बाद पीड़ित ने थाना सिविल लाइन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 581/2026 के तहत धारा 304(2), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।

CCTV फुटेज और मुखबिर की मदद से पकड़े गए आरोपी

पुलिस उपायुक्त मध्य क्षेत्र कमिश्नरेट रायपुर तारकेश्वर पटेल के निर्देश पर आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई। थाना सिविल लाइन पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही मुखबिरों से जानकारी जुटाकर आरोपियों की पतासाजी की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने घटना में संलिप्त विकास बघेल उर्फ चिंगरी और विनोद राणा उर्फ डैनी को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल किया गया ई-रिक्शा जब्त कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

1. विकास बघेल उर्फ चिंगरी (18 वर्ष) निवासी सुदामा नगर, थाना टिकरापारा, रायपुर।
2. विनोद राणा उर्फ डैनी (21 वर्ष) निवासी अंबेडकर आवास, थाना कबीर नगर, रायपुर।

Avatar photo

By Ali Ahmad

लेखक के बारे में : अली अहमद - चौपाल संदेश के संपादक है ।
'चौपाल संदेश' के संपादक के रूप में जन-सरोकार, राजनीति और समसामयिक विषयों पर निष्पक्ष एवं सटीक पत्रकारिता का अनुभव। समाज के हर वर्ग से जुड़ी अहम ख़बरों और ज़मीनी मुद्दों को पाठकों तक पहुँचाना ही मुख्य ध्येय है।
ग्राउंड रिपोर्टिंग, राजनीतिक विश्लेषण और सामाजिक-आर्थिक मुद्दों पर निष्पक्ष विचार व सटीक ख़बरों के लिए प्रतिबद्ध।