रायपुर। राजधानी रायपुर के रावांभाठा स्थित बंजारी नगर में सूने मकान को निशाना बनाकर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ खमतराई पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी रवि मलिक और उसके साथी रामेश्वर वर्मा को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर करीब 9 लाख 31 हजार 50 रुपये का मशरूका बरामद किया गया है। इसमें सोने-चांदी के जेवरात, स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और नकदी शामिल हैं।

दशहरा मनाने गांव गया था परिवार, पीछे से मकान में हुई चोरी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सीताराम गुप्ता (45 वर्ष), निवासी शुक्रवारी बाजार, बंजारी नगर, रावांभाठा ने 2 नवंबर 2026 को थाना खमतराई में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी 19 अक्टूबर को दशहरा पर्व मनाने अपने परिवार के साथ मध्यप्रदेश के मऊगंज जिले स्थित अपने गृहग्राम खटखरी गया था। इस दौरान उसने मकान में ताला लगा रखा था।

2 नवंबर को जब परिवार वापस लौटा तो मकान के मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर रखी आलमारी का लॉकर भी तोड़ा गया था। जांच करने पर पता चला कि आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी रकम चोरी हो चुकी है। शिकायत पर खमतराई पुलिस ने अपराध क्रमांक 1163/2026 के तहत धारा 331(4), 305 बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पहले 4 आरोपी हो चुके थे गिरफ्तार

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और प्रार्थी तथा गवाहों के बयान दर्ज किए। आरोपियों की तलाश के लिए पेट्रोलिंग स्टाफ और मुखबिरों को सक्रिय किया गया। लगातार जांच और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने पहले ही सागर मलिक, मनीषा साहू, राहुल उर्फ ओमप्रकाश निर्मलकर और चेतन निषाद को गिरफ्तार कर लिया था। इनके कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी भी बरामद की गई थी।

चोरी की रकम से खरीदी स्प्लेंडर बाइक

प्रकरण में शेष आरोपियों की तलाश जारी थी। इसी दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी रवि मलिक को पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की योजना बनाने और चोरी की रकम से स्प्लेंडर मोटरसाइकिल खरीदने की बात स्वीकार की।

आरोपी ने बताया कि चोरी की रकम में से करीब 2 लाख रुपये अपने पास रखे थे और उसी रकम से मोटरसाइकिल खरीदी थी। इसके बाद उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर उसी मकान में दोबारा चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।

गड्ढे में छिपाकर रखे थे 8.50 लाख के जेवरात

आरोपी रवि मलिक की निशानदेही पर पुलिस ने मेकाहारा पार्किंग में खड़ी करीब 75 हजार रुपये कीमत की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की। इसके अलावा पठारीडीह के पास एक गड्ढे में छिपाकर रखे गए पीले रंग के थैले से करीब 8.50 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और 1,150 रुपये नकद बरामद किए गए।

वहीं, दूसरे आरोपी रामेश्वर वर्मा से पूछताछ में चोरी के बंटवारे में मिले 30 हजार रुपये में से शेष बचे 4,900 रुपये बरामद किए गए। आरोपी ने बाकी रकम खर्च करने और जुआ खेलने में खर्च होने की जानकारी दी।

कुल 9.31 लाख रुपये का मशरूका जब्त

खमतराई पुलिस की इस कार्रवाई में दो नए आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ करीब 9,31,050 रुपये का मशरूका जब्त किया गया है। इसमें 8.50 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, 75 हजार रुपये की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और कुल 6,050 रुपये नकद शामिल हैं।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

1. रवि मलिक (31 वर्ष) रावांभाठा, थाना खमतराई, जिला रायपुर।
2. रामेश्वर वर्मा (29 वर्ष) निवासी भिलौनी, थाना मारो, जिला बेमेतरा, वर्तमान निवासी बंजारी नगर, थाना खमतराई, जिला रायपुर।

Avatar photo

By Ali Ahmad

लेखक के बारे में : अली अहमद - चौपाल संदेश के संपादक है ।
'चौपाल संदेश' के संपादक के रूप में जन-सरोकार, राजनीति और समसामयिक विषयों पर निष्पक्ष एवं सटीक पत्रकारिता का अनुभव। समाज के हर वर्ग से जुड़ी अहम ख़बरों और ज़मीनी मुद्दों को पाठकों तक पहुँचाना ही मुख्य ध्येय है।
ग्राउंड रिपोर्टिंग, राजनीतिक विश्लेषण और सामाजिक-आर्थिक मुद्दों पर निष्पक्ष विचार व सटीक ख़बरों के लिए प्रतिबद्ध।