Categories: बिहार

पटना में ब्लिंकिट वेयरहाउस की 2.13 करोड़ की खाद्य सामग्री पर रोक

चौपाल संदेश. पटना । आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए बिहार के खाद्य संरक्षा विभाग ने पटना में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों, ब्लिंकिट स्टोर और 9 to 9 सुपर मार्केट का निरीक्षण किया। खाद्य संरक्षा आयुक्त श्री कुमार रवि के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में खाद्य पदार्थों के भंडारण, साफ-सफाई, स्वच्छता और एक्सपायरी उत्पादों की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान कई अनियमितताएं सामने आईं, जिसके बाद संबंधित प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किए गए। वहीं, क्षतिग्रस्त और एक्सपायरी खाद्य पदार्थों को नष्ट कराया गया।

ब्लिंकिट वेयरहाउस में 2.13 करोड़ रुपये की खाद्य सामग्री की बिक्री पर रोक

नसीरपुर, ताजपुर, बायपास रोड स्थित ब्लिंकिट वेयरहाउस के निरीक्षण के दौरान बड़े पैमाने पर खाद्य सामग्री के वितरण और बिक्री पर रोक लगाई गई। विभागीय जानकारी के अनुसार, होल फॉर्म ब्रांड की 276 प्रकार की खाद्य सामग्रियों, जिनका कुल वजन लगभग 25 टन बताया गया है, के वितरण पर रोक लगाई गई।

इसके अलावा बेसिक ब्रांड की विभिन्न प्रकार की 3,102 किलोग्राम दाल और 190 किलोग्राम नट्स की बिक्री पर भी रोक लगाई गई। इन खाद्य सामग्रियों का कुल अनुमानित मूल्य 2,13,99,535 रुपये बताया गया है।

14,740 रुपये के एक्सपायरी और क्षतिग्रस्त खाद्य पदार्थ नष्ट

एस.के. नगर स्थित 9 to 9 प्रतिष्ठान के निरीक्षण में क्षतिग्रस्त और एक्सपायरी खाद्य पदार्थ एक स्थान पर भंडारित मिले। खाद्य सुरक्षा टीम ने प्रतिष्ठान संचालक की मौजूदगी में इन सामग्रियों को नष्ट कराया, ताकि इनकी दोबारा बिक्री नहीं हो सके।

नष्ट कराए गए खाद्य पदार्थों में 12 किलोग्राम सत्तू, 24 किलोग्राम सूजी, 12 किलोग्राम बेसन, 49 किलोग्राम आटा, 49 किलोग्राम मैदा और 6 किलोग्राम मसाला शामिल हैं। इनकी कुल अनुमानित कीमत 14,740 रुपये बताई गई है।

इंद्रपुरी के ब्लिंकिट स्टोर में मिला एक्सपायरी दूध

ब्लिंकिट कॉमर्स प्राइवेट लिमिटेड के इंद्रपुरी स्थित स्टोर के निरीक्षण के दौरान 49.5 लीटर एक्सपायरी अमूल दूध पाया गया। इसके अलावा चावल, घी, सूजी, मिक्स अचार, ग्लूकोंडी और चीनी के छह नमूने लेकर जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए।

निरीक्षण में खाद्य पदार्थों के भंडारण के लिए निर्धारित FIFO (First In, First Out) नियम का पालन नहीं पाया गया। परिसर में अस्वच्छ वातावरण, सैनिटाइजेशन की उचित व्यवस्था का अभाव और डीप फ्रीजर की असंतोषजनक स्थिति भी सामने आई। इन कमियों के आधार पर प्रतिष्ठान को 14 दिनों का सुधार नोटिस जारी किया गया।

आनंदपुरी स्टोर में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ एक साथ मिले

पटना के आनंदपुरी स्थित ब्लिंकिट स्टोर-166 के निरीक्षण में भंडारण रैक पर धूल और गंदगी पाई गई। फ्रोजन रूम में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ एक साथ रखे हुए मिले।

खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन और स्वच्छता संबंधी कमियों को देखते हुए प्रतिष्ठान को 14 दिनों के भीतर सुधार करने का नोटिस दिया गया। इस दौरान 162 किलोग्राम नारियल पाउडर, 15 किलोग्राम मोतीचूर के लड्डू और 13 किलोग्राम आटे सहित कुल 190 किलोग्राम खाद्य सामग्री को नष्ट कराया गया। नष्ट की गई सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 16,000 रुपये बताई गई है।

कंकड़बाग और सादिकपुर के प्रतिष्ठानों को भी नोटिस

कंकड़बाग स्थित मेसर्स आदित्य 9 to 9 सुपर मार्केट के निरीक्षण के दौरान साबूदाना का नमूना लिया गया। जांच में पेस्ट कंट्रोल की व्यवस्था नहीं होने, कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं होने और खाद्य एवं अखाद्य वस्तुओं को एक साथ रखे जाने जैसी कमियां पाई गईं। संबंधित प्रतिष्ठान को सुधार नोटिस जारी किया गया।

वहीं, सादिकपुर, लोहिया पथ स्थित ब्लिंक कॉमर्स प्राइवेट लिमिटेड के स्टोर से हल्दी का नमूना संग्रहित किया गया। यहां खाद्य और अखाद्य वस्तुएं एक ही स्थान पर रखी मिलीं। इसके अलावा चालान में दर्ज खाद्य लाइसेंस नंबर किसी दूसरे स्टोर का पाया गया। इन अनियमितताओं पर प्रतिष्ठान को 14 दिनों का सुधार नोटिस जारी किया गया।

आदित्य 9 to 9 और YOY China Restaurant में एक्सपायरी खाद्य पदार्थ नष्ट

22 अक्टूबर 2026 को रामनगरी मोड़, आशियाना रोड स्थित मेसर्स आदित्य 9 to 9 सुपर मार्केट और YOY China Restaurant का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, सुरक्षित भंडारण, साफ-सफाई और लाइसेंस से संबंधित कमियां सामने आईं। दोनों प्रतिष्ठानों को सुधार के लिए 14 दिनों का नोटिस दिया गया।

निरीक्षण के दौरान 500 ग्राम एक्सपायरी चिकन सीजनिंग पाउडर, 2.5 किलोग्राम मोनोसोडियम ग्लूटामेट (MSG), 3.4 किलोग्राम स्वीट कॉर्न और 5 किलोग्राम कीड़ा लगा मैदा नष्ट कराया गया। इसके अतिरिक्त 12 किलोग्राम नूडल्स भी विनष्टीकरण पंचनामे में दर्ज किए गए। खाद्य सामग्री को डस्टबिन में डालकर नष्ट किया गया, ताकि उसका दोबारा उपयोग या बिक्री नहीं हो सके।

YOY China Restaurant की रसोई में भी मिलीं कमियां

YOY China Restaurant की रसोई के निरीक्षण में नाली का ढक्कन खुला पाया गया। रसोई की साफ-सफाई और सैनिटेशन की व्यवस्था भी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं थी। यहां पाया गया मोनोसोडियम ग्लूटामेट (MSG) भी नष्ट कराया गया।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने प्रतिष्ठान संचालक को रसोई की नियमित सफाई करने, नाली को ढककर रखने और खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण के लिए निर्धारित स्वच्छता मानकों का पालन करने का निर्देश दिया।

सुपर मार्केट और रेस्टोरेंट के लाइसेंस में संशोधन का निर्देश

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि आदित्य 9 to 9 सुपर मार्केट और YOY China Restaurant का संचालन एक ही खाद्य सुरक्षा अनुज्ञप्ति के तहत किया जा रहा था। सुपर मार्केट ग्राउंड फ्लोर पर और रेस्टोरेंट दूसरी मंजिल पर संचालित था।

विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठान को दोनों संस्थानों के संचालन के अनुरूप लाइसेंस में आवश्यक संशोधन कराने और अलग-अलग अनुज्ञप्ति प्राप्त करने का निर्देश दिया है। दोनों प्रतिष्ठानों को कमियों में सुधार के लिए 14 दिनों का इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया है। निर्धारित अवधि में सुधारात्मक कार्रवाई पूरी कर उसका प्रमाण संबंधित कार्यालय में प्रस्तुत करना होगा।

निर्धारित समय में कमियों का निराकरण नहीं होने पर खाद्य लाइसेंस निलंबित करने सहित नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सकती है।

खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन पर विभाग सख्त

खाद्य संरक्षा विभाग ने खाद्य कारोबारियों को सुरक्षित भंडारण, नियमित साफ-सफाई, उचित सैनिटाइजेशन, एक्सपायरी उत्पादों को अलग रखने और शाकाहारी तथा मांसाहारी खाद्य पदार्थों के पृथक भंडारण के निर्देश दिए हैं।

विभाग के अनुसार, उपभोक्ताओं को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना आवश्यक है। खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Ali Ahmad

लेखक के बारे में : अली अहमद - चौपाल संदेश के संपादक है । 'चौपाल संदेश' के संपादक के रूप में जन-सरोकार, राजनीति और समसामयिक विषयों पर निष्पक्ष एवं सटीक पत्रकारिता का अनुभव। समाज के हर वर्ग से जुड़ी अहम ख़बरों और ज़मीनी मुद्दों को पाठकों तक पहुँचाना ही मुख्य ध्येय है। ग्राउंड रिपोर्टिंग, राजनीतिक विश्लेषण और सामाजिक-आर्थिक मुद्दों पर निष्पक्ष विचार व सटीक ख़बरों के लिए प्रतिबद्ध।

Recent Posts

गोवर्धन पूजा 2026: जानिए इस पर्व का धार्मिक महत्व, पूजा विधि और भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ी पौराणिक कथा

रायपुर। Govardhan Puja 2026. हिंदू धर्म में गोवर्धन पूजा का विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व…

3 hours ago

India vs New Zealand: बारिश ने बिगाड़ा खेल, बिना एक भी गेंद फेंके रद्द हुआ मुकाबला, भारत सीरीज में 2-0 से आगे

स्पोर्ट्स डेस्क। India vs New Zealand third place. भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीसरा वनडे…

3 hours ago

Pakistan vs Sri Lanka: पाकिस्तान ने श्रीलंका को 37 रन से हराया, सलमान आगा के शतक से मिली शानदार जीत

Chaupal Sandesh Team। PAK vs SL.पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच खेले गए वनडे ट्राई-सीरीज 2026…

4 hours ago

IND U19 vs UAE U19: आर्यवीर सहवाग का तूफानी शतक, भारत की पारी को संभालकर बड़े स्कोर की ओर बढ़ाया

स्पोर्ट्स डेस्क। ind u19 vs uae u19. अंडर-19 एशिया कप 2026 में भारत और संयुक्त…

4 hours ago

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना: खैरागढ़ जिले के 21 तीर्थयात्री स्वर्ण मंदिर और वैष्णो देवी के दर्शन के लिए रवाना

खैरागढ़। Mukhyamantri Tirth Darshan Yojana. मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के 21…

4 hours ago

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु करेंगी छत्तीसगढ़ के रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा को सम्मानित

रायपुर। Swachh Survekshan 2025-26. स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के राष्ट्रीय पुरस्कारों में छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय…

4 hours ago