Spread the love

Post Matric Scholarship, रायपुर। आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों हेतु पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति (कक्षा 12वीं से उच्चतर) के ऑनलाइन पंजीयन, स्वीकृति एवं वितरण की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। छात्रवृत्ति के लिए आवेदन विभागीय पोर्टल https://postmatric-scholarship.cg.nic.in/ पर ऑनलाइन किए जा सकते हैं।

छात्रवृत्ति पोर्टल पर आवेदन नवीनीकरण हेतु 20 जून 2026 से तथा नवीन आवेदन हेतु 1 अगस्त 2026 से पंजीयन प्रारंभ किया जाएगा। छात्रवृत्ति राशि आधार सीडेड बैंक खातों में डीबीटी (DBT) के माध्यम से जमा की जाएगी। साथ ही नवीन आवेदकों के लिए एनएसपी पोर्टल से ओटीआर (One Time Registration) प्राप्त करना आवश्यक होगा एवं विद्यार्थी द्वारा आवेदन करते समय सक्रिय एवं आधार से लिंक बैंक खाते की जानकारी सुनिश्चित करना अनिवार्य है।

पात्रता के अंतर्गत अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों के पालकों की वार्षिक आय सीमा 2.50 लाख रुपये तथा अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के पालकों की वार्षिक आय सीमा 1 लाख रुपये निर्धारित की गई है।

विभाग ने सभी शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, इंजीनियरिंग, मेडिकल, नर्सिंग, आईटीआई एवं पॉलीटेक्निक संस्थानों के प्राचार्यों तथा छात्रवृत्ति प्रभारियों से समय-सीमा के भीतर आवेदन परीक्षण एवं स्वीकृति की कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया है, ताकि विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ समय पर मिल सके।