रायपुर। Raipur crime news. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में दीपावली पर्व के दौरान लक्ष्मी पूजन के समय घर में हुई चोरी की वारदात को गुढ़ियारी पुलिस और एसीसीयू की टीम ने महज एक घंटे से भी कम समय में सुलझा लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में लेकर चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण और नगदी सहित कुल 2 लाख 97 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया है।
मामला थाना गुढ़ियारी क्षेत्र के नया मंगल बाजार का है। जानकारी के अनुसार, दीपावली के अवसर पर प्रार्थिया ने लक्ष्मी पूजन के लिए अपने सोने-चांदी के आभूषण और नगदी रकम पूजा घर में रखी थी। पूजा के दौरान आस्था के चलते घर के पूजा घर का दरवाजा खुला रखा गया था। इसी का फायदा उठाकर आरोपियों ने घर में प्रवेश किया और आभूषणों के साथ नगदी रकम चोरी कर फरार हो गए।
घटना के दौरान प्रार्थिया के पति रात में बाथरूम जाने के लिए उठे थे। इसी दौरान उन्होंने एक संदिग्ध व्यक्ति को घर से चोरी कर जाते हुए देखा। इसके बाद प्रार्थिया की शिकायत पर थाना गुढ़ियारी में अपराध क्रमांक 522/26 के तहत धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी नॉर्थ जोन श्रीमती दीपमाला कश्यप के नेतृत्व में, एडीसीपी श्री आदित्य पांडे और एसीपी उरला सुश्री पूर्णिमा लामा के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र साहू की टीम एवं एसीसीयू की टीम ने तत्काल जांच शुरू की। प्रार्थिया के पति द्वारा बताए गए संदिग्ध के हुलिए के आधार पर पुलिस ने आसपास के संदिग्धों की तलाश की और पूछताछ के दौरान चोरी की वारदात का खुलासा हो गया।
पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के एक घंटे से भी कम समय में दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। उनके कब्जे से लगभग 2.50 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और 47 हजार रुपये नगद बरामद किए गए। इस तरह पुलिस ने चोरी गई संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी कर ली। बरामद मशरूका की कुल अनुमानित कीमत 2.97 लाख रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार दोनों आरोपी पहले भी अपराधों में रहे हैं संलिप्त
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नयन राजपूत (24 वर्ष), कुंदरापारा, थाना गुढ़ियारी और आर्यन चौहान (19 वर्ष) निवासी कलिंग नगर, थाना गुढ़ियारी, रायपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी पूर्व में भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं। नयन राजपूत के खिलाफ चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट के कुल चार मामले दर्ज हैं, जबकि आर्यन चौहान के खिलाफ लूट और आईटी एक्ट के तहत दो मामले दर्ज हैं।

