नई दिल्ली/कानपुर । उत्तर प्रदेश के कानपुर और देश की राजधानी दिल्ली के बीच रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए नई कानपुर एक्सप्रेस रेल सेवा की शुरुआत की गई है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी ने आज इस नई ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन कानपुर सेंट्रल से आनंद विहार टर्मिनल के बीच संचालित होगी। इस दैनिक रेल सेवा के शुरू होने से कानपुर और दिल्ली के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को आवागमन का एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।

इस अवसर पर कानपुर नगर निगम की महापौर प्रमिला पांडे, अकबरपुर सांसद देवेंद्र सिंह भोले सहित अन्य जनप्रतिनिधि और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

22 आधुनिक LHB कोच से लैस होगी नई कानपुर एक्सप्रेस

नई कानपुर एक्सप्रेस ट्रेन कुल 428 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इसमें 22 आधुनिक एलएचबी (LHB) कोच लगाए गए हैं। यह ट्रेन अपने मार्ग में आने वाले कई प्रमुख शहरों और औद्योगिक केंद्रों को जोड़ेगी।

इस रेल सेवा से फफूंद के यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा। यहां से औरैया के औद्योगिक क्षेत्रों, एनटीपीसी औरैया तथा गेल पाता तक पहुंचना आसान होगा। इसके अलावा इटावा, फिरोजाबाद, हाथरस, अलीगढ़, खुर्जा, दादरी और गाजियाबाद जैसे प्रमुख शहरों को भी बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी।

फिरोजाबाद के कांच उद्योग, हाथरस के हींग प्रसंस्करण एवं पीतल उत्पादों तथा अलीगढ़ के ताला उद्योग से जुड़े लोगों को भी इस रेल सेवा का लाभ मिलने की उम्मीद है।

व्यापारियों, विद्यार्थियों और कामगारों को मिलेगी सुविधा

कानपुर उत्तर प्रदेश का प्रमुख औद्योगिक, चमड़ा उद्योग और शैक्षणिक केंद्र है। नई ट्रेन के माध्यम से कानपुर सीधे दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल से जुड़ेगा। इससे व्यापारियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और अन्य यात्रियों को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नई रेल सेवा की शुरुआत पर कानपुरवासियों को बधाई दी। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस नई रेल सेवा के लिए कानपुर के लोगों को शुभकामनाएं दी हैं।

कानपुर में जल्द बनेगा 16 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रेलवे ट्रैक

रेल मंत्री ने कानपुर की आगामी रेलवे परियोजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि अनवरगंज और मंधना के बीच 16 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का निर्माण किया जाएगा। इससे रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले लंबे जाम की समस्या का स्थायी समाधान मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने बताया कि इस परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार हो चुकी है और आवश्यक मंजूरियां भी मिल गई हैं। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।

बुलेट ट्रेन से दिल्ली से कानपुर का सफर 1 घंटे 45 मिनट में

रेल मंत्री ने प्रस्तावित बुलेट ट्रेन परियोजना को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित नॉर्थ हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर के माध्यम से दिल्ली, आगरा, कानपुर, वाराणसी, लखनऊ और अयोध्या को जोड़ा जाएगा। आगे इस कॉरिडोर को पटना, सिलीगुड़ी और गुवाहाटी तक विस्तारित करने की योजना बताई गई है।

इस परियोजना के शुरू होने के बाद दिल्ली से कानपुर की दूरी बुलेट ट्रेन से लगभग 1 घंटा 45 मिनट में तय की जा सकेगी। वहीं, लखनऊ से कानपुर का सफर करीब 27 मिनट और कानपुर से प्रयागराज का सफर लगभग 1 घंटा 15 मिनट में पूरा होने का अनुमान है।

कानपुर सेंट्रल स्टेशन का भी हो रहा पुनर्विकास

अश्विनी वैष्णव ने कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि स्टेशन का विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।

Avatar photo

By Ali Ahmad

लेखक के बारे में : अली अहमद - चौपाल संदेश के संपादक है ।
'चौपाल संदेश' के संपादक के रूप में जन-सरोकार, राजनीति और समसामयिक विषयों पर निष्पक्ष एवं सटीक पत्रकारिता का अनुभव। समाज के हर वर्ग से जुड़ी अहम ख़बरों और ज़मीनी मुद्दों को पाठकों तक पहुँचाना ही मुख्य ध्येय है।
ग्राउंड रिपोर्टिंग, राजनीतिक विश्लेषण और सामाजिक-आर्थिक मुद्दों पर निष्पक्ष विचार व सटीक ख़बरों के लिए प्रतिबद्ध।