Spread the love

पटना। जदयू विधायक दल के नेता एवं यूपी संगठन प्रभारी श्रवण कुमार ने कहा कि यूपी में जेडीयू 2027 का विधानसभा चुनाव पूरी तैयारी के साथ लड़ेगी। जिन विधानसभा सीटों पर पार्टी की बूथ कमेटियां मजबूत हैं, उन्हीं सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी की जाएगी। गठबंधन के संबंध में उन्होंने कहा कि किस पार्टी के साथ गठबंधन होगा, इसका निर्णय पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करेगा। उन्होंने बताया कि बनारस में 24, 25 और 26 तारीख में से किसी एक दिन प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम प्रस्तावित है, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं अन्य मंत्री शामिल होंगे।

वे शनिवार को चुनार विधानसभा क्षेत्र के कैलाहट स्थित हंसराज मैरिज हॉल में आयोजित जदयू का मंडलीय कार्यकर्ता सम्मेलन में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए थे।

सदस्यता अभियान को तेज करें: प्रदेश अध्यक्ष

प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह पटेल ने चुनाव लड़ने के इच्छुक कार्यकर्ताओं से बूथ लेवल कमेटियां तैयार कर प्रदेश कार्यालय में आवेदन देने तथा संगठन को मजबूत करने और सदस्यता अभियान को तेजी से आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

बिहार की तर्ज पर यूपी में भी होगा विकास कार्य: प्रदेश उपाध्यक्ष

प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बुंदेलखंड प्रभारी शालिनी सिंह पटेल ने कहा कि 2027 की तैयारी के लिए कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर पार्टी की नीतियों और विचारधारा को पहुंचाएं तथा सदस्यता अभियान को गति दें। आगे कहा कि बिहार में श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों और सुशासन की तर्ज पर यूपी में भी अवसर मिलने पर जनहित में कार्य किया जाएगा।
आयोजित कार्यक्रम में संगठन विस्तार और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह और जोश देखने को मिला।
कार्यक्रम की अध्यक्षता शीतला प्रसाद ने की, जबकि आयोजक जेडीयू मिर्ज़ापुर जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल उर्फ गुड्डू पटेल रहे। संचालन प्रदेश महासचिव भैया हरि शंकर पटेल ने किया। विशिष्ट अतिथि जेडीयू उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह पटेल रहे।