रायपुर। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जब्त किए गए नशीले पदार्थों का विधिवत नष्टीकरण किया। सोमवार 16 नवंबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट के तहत विभिन्न थानों में दर्ज मामलों में जब्त मादक पदार्थों को न्यायालय के आदेश और शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप नष्ट किया गया।

यह कार्रवाई सिलतरा स्थित जायसवाल निको प्लांट के फर्नेस में जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी की उपस्थिति में संपन्न हुई। इस दौरान कुल 234 किलोग्राम गांजा, 326 नग प्रतिबंधित टेबलेट और 12 ग्राम MDMA को विधिवत नष्ट किया गया।

जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी की मौजूदगी में हुई कार्रवाई

मादक पदार्थों के नष्टीकरण की यह पूरी प्रक्रिया केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के दिशा-निर्देशों और एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत गठित जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में की गई।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संदीप मित्तल, नगर पुलिस अधीक्षक श्री वीरेंद्र श्रीवास्तव, उपायुक्त आबकारी रायपुर डॉ. प्रवीण वर्मा सहित संबंधित थाना प्रभारी मौजूद रहे।

पर्यावरणीय मानकों का रखा गया ध्यान

पुलिस द्वारा जब्त मादक पदार्थों को जनसामान्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पर्यावरणीय मानकों और प्रचलित वैधानिक प्रावधानों का पालन करते हुए प्लांट के फर्नेस में नष्ट किया गया। इस प्रक्रिया का उद्देश्य जब्त नशीले पदार्थों के दोबारा अवैध इस्तेमाल की संभावना को पूरी तरह समाप्त करना है।

Avatar photo

By Ali Ahmad

लेखक के बारे में : अली अहमद - चौपाल संदेश के संपादक है ।
'चौपाल संदेश' के संपादक के रूप में जन-सरोकार, राजनीति और समसामयिक विषयों पर निष्पक्ष एवं सटीक पत्रकारिता का अनुभव। समाज के हर वर्ग से जुड़ी अहम ख़बरों और ज़मीनी मुद्दों को पाठकों तक पहुँचाना ही मुख्य ध्येय है।
ग्राउंड रिपोर्टिंग, राजनीतिक विश्लेषण और सामाजिक-आर्थिक मुद्दों पर निष्पक्ष विचार व सटीक ख़बरों के लिए प्रतिबद्ध।