वैशाली, हाजीपुर। वाल्मीकिनगर बैराज से गंडक नदी में अत्यधिक जलस्राव तथा गंगा नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि के कारण वैशाली जिले के तटीय अंचलों एवं निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति ‘बाढ़-2026 फेज-02’ उत्पन्न हुई है। जिला प्रशासन द्वारा स्थिति पर चौबीसों घंटे कड़ी एवं सतर्क निगरानी रखी जा रही है तथा प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित राहत, बचाव एवं सुरक्षा कार्य संचालित किए जा रहे हैं।
जिला पदाधिकारी के सतत मार्गदर्शन एवं स्वयं की निगरानी में तटबंधों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जल संसाधन विभाग के अभियंताओं एवं कर्मियों को 24×7 हाई अलर्ट मोड में तैनात रखा गया है। तिरहुत तटबंध पूरी तरह सुरक्षित है। कुछ स्थलों पर सीपेज तथा लालगंज प्रखंड के युसुफपुर अंतर्गत पीरापुर ग्रामीण बांध में हुए रिसाव को रातभर अभियान चलाकर पूरी तरह नियंत्रित कर लिया गया है। संबंधित स्थलों पर लगातार निगरानी एवं आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य जारी हैं।
गंगा एवं गंडक के जलस्तर पर लगातार निगरानी
वर्तमान स्थिति के अनुसार गांधी घाट, पटना में गंगा नदी का जलस्तर 49.67 मीटर दर्ज किया गया है, जो खतरे के निशान 48.60 मीटर से ऊपर है तथा फिलहाल स्थिर है। वहीं लालगंज में गंडक नदी का जलस्तर 52.32 मीटर दर्ज किया गया है। गंडक के जलस्तर में घटने की प्रवृत्ति देखी जा रही है, हालांकि यह अभी भी खतरे के निशान 50.50 मीटर से ऊपर है।
जिला प्रशासन द्वारा नदियों के जलस्तर, तटबंधों एवं संवेदनशील स्थलों की स्थिति की निरंतर निगरानी की जा रही है तथा किसी भी संभावित परिस्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधनों एवं मानवबल को सक्रिय रखा गया है।
संवेदनशील अंचलों में SDRF की तैनाती
बाढ़ एवं तटबंध अनुश्रवण के लिए जिला स्तर से अतिरिक्त वरीय अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। आपातकालीन बचाव एवं राहत कार्यों के लिए SDRF की टीमों को हाजीपुर, महनार, लालगंज एवं राघोपुर के अत्यंत संवेदनशील एवं प्रभावित क्षेत्रों में तैनात किया गया है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं आमजनों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए लगातार जागरूकता एवं सूचना प्रसार का कार्य किया जा रहा है।
05 प्रखंडों की 11 पंचायतें एवं 21 गांव प्रभावित
वर्तमान रिपोर्ट के अनुसार जिले के 05 प्रखंडों की 11 पंचायतें तथा 21 गांव प्रभावित हुए हैं। इनमें 08 पंचायतें तथा 16 गांव आंशिक रूप से प्रभावित हैं। प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन द्वारा आवश्यकतानुसार राहत एवं बचाव कार्य संचालित किए जा रहे हैं।
राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में अब तक 09 नावों का परिचालन किया जा रहा है। प्रभावित परिवारों के बीच 900 पॉलिथीन शीट्स तथा 1,150 पैकेट सूखा राशन वितरित किया गया है। साथ ही 1,150 हैलोजन टैबलेट्स का वितरण किया गया है, ताकि लोगों को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने में सहायता मिल सके।
पशुधन की सुरक्षा एवं देखभाल के लिए 36.40 क्विंटल पशु चारा वितरित किया गया है तथा 01 पशु शिविर संचालित किया जा रहा है। लालगंज के प्राथमिक विद्यालय, वृंदावन में सामुदायिक किचन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं तथा इसे आज रात्रि से विधिवत प्रारंभ किया जा रहा है।
जिला प्रशासन की आमजनों से अपील
जिला प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों के लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, धैर्य एवं सतर्कता बनाए रखें तथा प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। किसी भी आपातकालीन स्थिति, सहायता अथवा बाढ़ से संबंधित सूचना के लिए तत्काल संबंधित नियंत्रण कक्ष या नजदीकी अंचल कार्यालय से संपर्क करें।
प्रशासन ने लोगों से विशेष रूप से अपील की है कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल का ही उपयोग करें तथा हैलोजन टैबलेट्स का प्रयोग अवश्य करें। नदी, नहर, तटबंध अथवा तेज बहाव वाले जल क्षेत्रों के समीप अनावश्यक रूप से जाने से बचें और प्रशासन द्वारा दिए जा रहे सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
बाढ़ राहत एवं आपातकालीन नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर
जिला आपदा नियंत्रण कक्ष, वैशाली: 06224-260233 / 06224-260234
अनुमंडल नियंत्रण कक्ष, हाजीपुर: 06224-272215
नियंत्रण कक्ष, लालगंज: 9031671275
नियंत्रण कक्ष, वैशाली: 7488386436
नियंत्रण कक्ष, हाजीपुर: 7319925832
जिला प्रशासन द्वारा सभी तटबंधों, संवेदनशील स्थलों एवं प्रभावित क्षेत्रों की चौबीसों घंटे निरंतर निगरानी की जा रही है। किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए प्रशासनिक एवं आपदा प्रबंधन तंत्र को सक्रिय रखा गया है।
रायपुर। Govardhan Puja 2026. हिंदू धर्म में गोवर्धन पूजा का विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व…
स्पोर्ट्स डेस्क। India vs New Zealand third place. भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीसरा वनडे…
Chaupal Sandesh Team। PAK vs SL.पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच खेले गए वनडे ट्राई-सीरीज 2026…
स्पोर्ट्स डेस्क। ind u19 vs uae u19. अंडर-19 एशिया कप 2026 में भारत और संयुक्त…
खैरागढ़। Mukhyamantri Tirth Darshan Yojana. मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के 21…
रायपुर। Swachh Survekshan 2025-26. स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के राष्ट्रीय पुरस्कारों में छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय…