पटना। Sonpur Mela 2026 News. बिहार के विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले को इस बार भव्य और आकर्षक बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। 22 नवंबर से शुरू होने वाले इस ऐतिहासिक मेले में पर्यटकों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देने के साथ बिहार की समृद्ध कला, संस्कृति और लोक परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की विशेष योजना बनाई गई है। पर्यटन विभाग की ओर से मेले को पर्यटन केंद्रित स्वरूप देने के लिए कई महत्वपूर्ण व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
इस बार मेले में लाइट एंड साउंड शो, सांस्कृतिक कार्यक्रम, जर्मन हैंगर और अन्य आयोजन विशेष आकर्षण होंगे। इन व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालने के लिए इवेंट मैनेजमेंट एजेंसी का चयन किया गया है। वहीं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए कलाकारों का चयन जिला प्रशासन करेगा। इससे स्थानीय कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच मिलेगा।
स्विस कॉटेज और आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज से बढ़ेगी मेले की रौनक
सोनपुर मेले में आने वाले पर्यटकों के ठहरने की सुविधा को बेहतर बनाने के लिए स्विस कॉटेज तैयार किए जाएंगे। इसकी जिम्मेदारी बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम (बीएसटीडीसी) को सौंपी गई है। इसके साथ ही मेले में आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज भी विकसित किया जाएगा।
इस विलेज में देश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले शिल्पकार और कलाकार अपनी कलाकृतियां, हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पाद प्रदर्शित कर सकेंगे। इससे पर्यटकों को देश की विविध कला-संस्कृति देखने का मौका मिलेगा और स्थानीय उत्पादों को भी बढ़ावा मिलेगा।
पर्यटक सूचना केंद्र में मिलेगी बिहार के पर्यटन स्थलों की जानकारी
मेले में पर्यटन विभाग की ओर से विशेष पवेलियन तैयार किया जाएगा। यहां पर्यटक सूचना केंद्र स्थापित करने के साथ विभिन्न स्टॉल लगाए जाएंगे। पर्यटकों को बिहार के प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक और पर्यटन स्थलों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
इसके अलावा विभिन्न सरकारी विभागों को भी अपने स्टॉल लगाने के लिए जगह दी जाएगी, ताकि एक ही परिसर में लोगों को सरकारी योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी मिल सके।
राष्ट्रीय स्तर पर प्रचार-प्रसार की तैयारी
सोनपुर मेले को देशभर में लोकप्रिय बनाने के लिए प्रचार-प्रसार पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। रेडियो जिंगल और बड़े स्तर पर विज्ञापन अभियान की शुरुआत होना अभी बाकी है। इनके माध्यम से मेले की तारीख, प्रमुख आकर्षणों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की योजना है।
22 नवंबर से 23 दिसंबर तक चलेगा सोनपुर मेला
इस वर्ष हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले का आयोजन 22 नवंबर से 23 दिसंबर 2026 तक प्रस्तावित है। मेले का उद्घाटन समारोह 22 नवंबर को होगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा उद्घाटन किए जाने की संभावना है। इसके लिए जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग की ओर से तैयारियां की जा रही हैं।
भागवत कथा से लेकर नौका दौड़ तक, ये होंगे खास आकर्षण
गंगा और गंडक नदियों के संगम क्षेत्र में आयोजित होने वाला हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला धार्मिक आस्था, संस्कृति और पर्यटन का अनूठा संगम है। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर यहां देशभर से श्रद्धालु पहुंचते हैं और पवित्र स्नान के साथ हरिहरनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करते हैं।
इस बार मेले में भागवत कथा, रामलीला, गंगा आरती, नौका दौड़, कुश्ती और पतंगबाजी जैसे आयोजन भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से इंद्रधनुष कार्यक्रम के तहत लोकगीत, लोकनृत्य, सूफी संगीत और कव्वाली की प्रस्तुतियां प्रस्तावित हैं।
