नई दिल्ली/रायपुर। छत्तीसगढ़ की ग्रामीण महिलाओं का हुनर अब गांव की चौखट से निकलकर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय बाजार तक पहुंच रहा है। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले (IITF) में छत्तीसगढ़ की पांच लखपति दीदियां अपने हुनर, मेहनत और उद्यमिता का प्रदर्शन कर रही हैं। यहां उनके द्वारा तैयार किए गए पारंपरिक हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पाद लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

14 से 27 नवंबर 2026 तक आयोजित इस अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के अंतर्गत जांजगीर-चांपा, कोरबा, बस्तर, धमतरी और रायगढ़ जिले के स्व-सहायता समूहों से जुड़ी पांच लखपति दीदियां हिस्सा ले रही हैं।

छत्तीसगढ़ पवेलियन के हॉल नंबर 4 में लगाए गए ‘लखपति दीदी’ स्टॉल पर प्रदेश की समृद्ध हस्तशिल्प परंपरा और ग्रामीण महिलाओं की रचनात्मक प्रतिभा की झलक देखने को मिल रही है। यहां कोसा साड़ियां, आकर्षक जैकेट, कॉटन ड्रेस मटेरियल, पारंपरिक बेल मेटल की कलाकृतियां, स्थानीय मसाले और अन्य हस्तनिर्मित उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया जा रहा है।

‘छत्तीसकला’ ब्रांड से देशभर में पहचान बना रहे छत्तीसगढ़ के उत्पाद

छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के अंतर्गत संचालित ‘छत्तीसकला’ ब्रांड ग्रामीण महिलाओं के हुनर को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

इस ब्रांड के माध्यम से स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार गुणवत्तापूर्ण और पारंपरिक उत्पादों को बड़े बाजारों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। दिल्ली के अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में भागीदारी से लखपति दीदियों को अपने उत्पाद देश-विदेश के व्यापारियों, उद्यमियों और संभावित खरीदारों के सामने प्रस्तुत करने का अवसर मिल रहा है।

इससे न केवल उनके उत्पादों की बाजार में पहुंच बढ़ेगी, बल्कि भविष्य में नए व्यावसायिक संबंध और कारोबार के अवसर भी विकसित हो सकते हैं।

स्व-सहायता समूहों से जुड़कर आत्मनिर्भर बन रहीं ग्रामीण महिलाएं

बिहान मिशन के माध्यम से छत्तीसगढ़ की ग्रामीण महिलाएं स्व-सहायता समूहों से जुड़कर पारंपरिक आजीविका के साथ उद्यमिता की दिशा में भी आगे बढ़ रही हैं।

‘विकास और विरासत’ की थीम पर छत्तीसगढ़ की कला को मिल रहा राष्ट्रीय मंच

इस वर्ष भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले की थीम ‘विकास और विरासत’ रखी गई है। छत्तीसगढ़ की लखपति दीदियों की भागीदारी इस थीम को सार्थक कर रही है।

एक तरफ ग्रामीण महिलाएं प्रदेश की समृद्ध कला, संस्कृति और पारंपरिक हस्तशिल्प को राष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित कर रही हैं, तो दूसरी तरफ अपने उत्पादों के जरिए महिला उद्यमिता और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की बढ़ती ताकत को भी सामने ला रही हैं।

Avatar photo

By Ali Ahmad

लेखक के बारे में : अली अहमद - चौपाल संदेश के संपादक है ।
'चौपाल संदेश' के संपादक के रूप में जन-सरोकार, राजनीति और समसामयिक विषयों पर निष्पक्ष एवं सटीक पत्रकारिता का अनुभव। समाज के हर वर्ग से जुड़ी अहम ख़बरों और ज़मीनी मुद्दों को पाठकों तक पहुँचाना ही मुख्य ध्येय है।
ग्राउंड रिपोर्टिंग, राजनीतिक विश्लेषण और सामाजिक-आर्थिक मुद्दों पर निष्पक्ष विचार व सटीक ख़बरों के लिए प्रतिबद्ध।