रायपुर। रायपुर नवजात शिशु खरीद बिक्री मामला. राजधानी रायपुर में नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। आजाद चौक थाना पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक डॉक्टर, एक पुरुष नर्स और एक अन्य व्यक्ति शामिल है। इससे पहले पुलिस इस मामले में तीन महिलाओं को गिरफ्तार कर चुकी है। इस तरह अब तक कुल छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस के अनुसार, थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 307/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(3), 143(4), 318(4) और 61 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस लगातार मामले की जांच कर रही है।

फर्जी डिस्चार्ज टिकट बनाकर किया जाता था खेल

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी डॉ. खिर सिंधु महानंद नवजात शिशु के क्रेता यानी लाभार्थी को अस्पताल में भर्ती किए बिना ही अस्पताल की सील लगाकर फर्जी डिस्चार्ज टिकट तैयार करता था। इसके बाद यह टिकट महिला आरोपी कृतिका साहू को दिया जाता था।

पूछताछ में डॉक्टर ने वर्ष 2026 में कुल तीन डिलीवरी होने और 26 जन्म प्रमाण पत्र जारी किए जाने की जानकारी दी है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से प्रार्थिया के उपचार से जुड़े दस्तावेज और ओपीडी रिकॉर्ड रजिस्टर भी जब्त किया है।

आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को बनाते थे निशाना

जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी प्रकाश कुमार कौरव पुरुष नर्स का काम करता था। वह अश्वनी शर्मा के साथ मिलकर कृतिका साहू, गीतिका नाग, अहिल्या महानंद और अन्य आरोपियों के साथ नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री में शामिल था।

आरोपियों द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं और अविवाहित गर्भवती महिलाओं की तलाश की जाती थी। इसके बाद उन्हें प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया जाता था। प्रसव के बाद नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री का सौदा किया जाता और इससे मिलने वाली रकम आपस में बांट ली जाती थी।

पुलिस के मुताबिक, अश्वनी शर्मा नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री के एवज में पैसों के लेन-देन का काम करता था। इस मामले की प्रार्थिया को भी इसी तरीके से प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

पहले तीन महिला आरोपी हो चुकी हैं गिरफ्तार

इस मामले में पुलिस ने पहले ही तीन महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें कृतिका साहू (34 वर्ष), अहिल्या नामदेव (40 वर्ष) और गीतिका नाग (36 वर्ष) शामिल हैं।

अब ये तीन आरोपी गिरफ्तार

1. डॉ. खिर सिंधु महानंद (45 वर्ष), निवासी कोटा, थाना सरस्वती नगर, रायपुर।
2. प्रकाश कुमार कौरव (45 वर्ष), निवासी अमलीडीह, थाना न्यू राजेंद्र नगर, रायपुर।
3. अश्वनी शर्मा (38 वर्ष), निवासी रामकुंड विहार, थाना आजाद चौक, रायपुर।

अन्य आरोपियों की तलाश और जांच जारी

पुलिस का कहना है कि इस पूरे मामले में अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी विस्तृत जांच की जा रही है। नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री में कौन-कौन शामिल था और इस नेटवर्क का दायरा कितना बड़ा है, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना है।

Avatar photo

By Ali Ahmad

लेखक के बारे में : अली अहमद - चौपाल संदेश के संपादक है ।
'चौपाल संदेश' के संपादक के रूप में जन-सरोकार, राजनीति और समसामयिक विषयों पर निष्पक्ष एवं सटीक पत्रकारिता का अनुभव। समाज के हर वर्ग से जुड़ी अहम ख़बरों और ज़मीनी मुद्दों को पाठकों तक पहुँचाना ही मुख्य ध्येय है।
ग्राउंड रिपोर्टिंग, राजनीतिक विश्लेषण और सामाजिक-आर्थिक मुद्दों पर निष्पक्ष विचार व सटीक ख़बरों के लिए प्रतिबद्ध।