रायपुर। Raipur Central Jail News. छत्तीसगढ़ की जेलों में बंदियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए संचालित ‘निश्चय कार्यक्रम’ अब नई उम्मीद की किरण बन रहा है। इस कार्यक्रम के तहत केंद्रीय जेल रायपुर में कंप्यूटर शिक्षा और ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले 70 बंदियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इस पहल का उद्देश्य बंदियों को रिहाई के बाद रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है।
भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय के जन शिक्षण संस्थान निदेशालय तथा जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं, छत्तीसगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में 40 पुरुष बंदियों को ‘कोर्स ऑन कंप्यूटर कॉन्सेप्ट’ का प्रशिक्षण दिया गया। वहीं, 30 महिला बंदियों ने ‘असिस्टेंट हेयर ड्रेसर (एडवांस)’ के तहत ब्यूटी पार्लर संबंधी प्रशिक्षण प्राप्त किया।
जेल महानिदेशक ने बांटे प्रमाण-पत्र, कहा- बंदियों के जीवन में बदलाव लाना प्राथमिकता
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं, छत्तीसगढ़ के महानिदेशक हिमांशु गुप्ता ने प्रशिक्षण पूरा करने वाले बंदियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि जेलों में बंदियों को शिक्षा, प्रशिक्षण और कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराना सुधारात्मक प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। ‘निश्चय कार्यक्रम’ इसी दिशा में एक सार्थक पहल है।
उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल दौर में कंप्यूटर शिक्षा रोजगार और स्वरोजगार के नए रास्ते खोल सकती है। इससे बंदियों में डिजिटल साक्षरता, तकनीकी दक्षता और आत्मविश्वास बढ़ेगा। वहीं, महिला बंदियों को हेयर ड्रेसिंग और ब्यूटी पार्लर का प्रशिक्षण मिलने से वे जेल से रिहा होने के बाद अपना काम शुरू कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकती हैं।
शिक्षा और हुनर से बदलेगी बंदियों की जिंदगी
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जन शिक्षण संस्थान रायपुर के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी ठाकुर राम सिंह ने प्रशिक्षण पूरा करने वाले बंदियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा और कौशल विकास व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाने के साथ जीवन में आगे बढ़ने के नए अवसर प्रदान करते हैं। तकनीकी ज्ञान और व्यावसायिक प्रशिक्षण के जरिए बंदी भविष्य में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठा सकेंगे।
सजा के साथ सुधार और पुनर्वास पर भी जोर
‘निश्चय कार्यक्रम’ के माध्यम से जेलों को केवल बंदियों को रखने का स्थान नहीं, बल्कि सुधार और पुनर्वास के केंद्र के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके तहत बंदियों को शिक्षा और व्यावसायिक प्रशिक्षण से जोड़कर उनके व्यक्तित्व विकास, व्यवहार में सकारात्मक बदलाव और आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
इस पहल से बंदियों को जेल में बिताए गए समय का रचनात्मक उपयोग करने का अवसर मिल रहा है। साथ ही, रिहाई के बाद सम्मानजनक आजीविका हासिल कर समाज में नई शुरुआत करने की उम्मीद भी मजबूत हो रही है।

