रायपुर। राजधानी रायपुर के देवेन्द्र नगर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक द्वारा बुलेट मोटरसाइकिल में आग लगाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि वर्ष 2020 में प्रार्थी द्वारा आरोपी के पिता को जेल भिजवाए जाने से नाराज होकर आरोपी ने इस घटना को अंजाम दिया।

आधी रात को बुलेट मोटरसाइकिल में लगाई आग

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, त्रिमूर्ति नगर निवासी हिमेश सोनी ने देवेन्द्र नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 13 नवंबर 2026 की रात करीब 12:30 बजे उनकी बुलेट 350 मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 QP 0157 को किसी अज्ञात व्यक्ति ने आग लगा दी। घटना के समय मोटरसाइकिल त्रिमूर्ति नगर में नानूक दीप के घर के सामने खड़ी थी।

आगजनी की इस घटना में करीब 1 लाख 50 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल को नुकसान पहुंचा।

पुरानी रंजिश बनी आगजनी की वजह

मामले की रिपोर्ट पर थाना देवेन्द्र नगर में अपराध क्रमांक 181/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 326(f) में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने प्रार्थी और संदिग्धों से पूछताछ करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने सुशील सोनी (27 वर्ष), निवासी त्रिमूर्ति नगर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने मोटरसाइकिल में आग लगाने की घटना स्वीकार कर ली, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

वर्ष 2020 की घटना का बदला लेने की थी मंशा

पुलिस के अनुसार, आरोपी इस बात से नाराज था कि वर्ष 2020 में प्रार्थी हिमेश सोनी ने उसके पिता को जेल भिजवाया था। इसी पुरानी रंजिश के चलते उसने मोटरसाइकिल में आग लगाने की घटना को अंजाम दिया।

पुलिस ने आरोपी सुशील सोनी (27 वर्ष) त्रिमूर्ति नगर, थाना देवेन्द्र नगर, जिला रायपुर को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की है।

Avatar photo

By Ali Ahmad

लेखक के बारे में : अली अहमद - चौपाल संदेश के संपादक है ।
'चौपाल संदेश' के संपादक के रूप में जन-सरोकार, राजनीति और समसामयिक विषयों पर निष्पक्ष एवं सटीक पत्रकारिता का अनुभव। समाज के हर वर्ग से जुड़ी अहम ख़बरों और ज़मीनी मुद्दों को पाठकों तक पहुँचाना ही मुख्य ध्येय है।
ग्राउंड रिपोर्टिंग, राजनीतिक विश्लेषण और सामाजिक-आर्थिक मुद्दों पर निष्पक्ष विचार व सटीक ख़बरों के लिए प्रतिबद्ध।