खैरागढ़। Mukhyamantri Tirth Darshan Yojana. मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के 21 तीर्थयात्रियों का जत्था आज (10 नवंबर) कलेक्ट्रेट परिसर से धार्मिक यात्रा के लिए रवाना हुआ। जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने हरी झंडी दिखाकर तीर्थयात्रियों के दल को रवाना किया और उनकी सुखद एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।
छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार चयनित तीर्थयात्री इस यात्रा के दौरान अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर और जम्मू-कश्मीर के प्रसिद्ध माता वैष्णो देवी मंदिर में दर्शन करेंगे। इसके साथ ही यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों को वाघा बॉर्डर का भ्रमण करने का अवसर भी मिलेगा।
पुष्पमाला पहनाकर तीर्थयात्रियों का किया स्वागत
तीर्थयात्रियों की रवानगी से पहले कलेक्ट्रेट परिसर में उपस्थित अतिथियों ने सभी यात्रियों का पुष्पमाला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान उन्हें यात्रा के लिए शुभकामनाएं दी गईं। हरी झंडी दिखाकर जत्थे को रवाना किया गया।
बुजुर्गों की तीर्थयात्रा का सपना हो रहा साकार
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से वरिष्ठ एवं पात्र नागरिकों की धार्मिक आस्था का सम्मान करते हुए उन्हें देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है। योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को तीर्थयात्रा की सुविधा मिलने से उनकी लंबे समय से धार्मिक स्थलों के दर्शन करने की अभिलाषा पूरी हो रही है।
