रायपुर। Makhana Kheti News. छत्तीसगढ़ में मखाना की खेती और उत्पादन को नई पहचान दिलाने की तैयारी तेज हो गई है। इसी कड़ी में राजधानी रायपुर में 26 और 27 नवंबर को दो दिवसीय राष्ट्रीय मखाना कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यशाला में छत्तीसगढ़ समेत चार राज्यों के किसान, महिला स्व-सहायता समूहों के सदस्य, कृषि वैज्ञानिक और विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल होंगे। कार्यशाला में मखाना की उन्नत खेती से लेकर प्रसंस्करण और बाजार तक पहुंच बनाने के तरीकों पर चर्चा होगी।
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, राष्ट्रीय मखाना बोर्ड तथा संचालनालय उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में यह आयोजन कृषि महाविद्यालय रायपुर के स्वामी विवेकानंद सभागार में होगा। इसमें छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से लगभग 250 से 300 किसान एवं महिला स्व-सहायता समूहों के सदस्य भाग लेंगे। इसके अलावा मध्यप्रदेश से 27, उत्तरप्रदेश से 22 और ओडिशा से 9 किसान भी कार्यशाला में शामिल होंगे।
छत्तीसगढ़ में 133 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में हो रही मखाना की खेती
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और कृषि मंत्री रामविचार नेताम के प्रयासों से केंद्र सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय मखाना बोर्ड में शामिल किए जाने के बाद प्रदेश में मखाना उत्पादन की संभावनाएं बढ़ी हैं। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय और उद्यानिकी विभाग के सहयोग से वर्तमान में प्रदेश में 133.862 हेक्टेयर क्षेत्र में मखाना की खेती की जा रही है।
इसमें 96.438 हेक्टेयर क्षेत्र तालाबों में और 37.424 हेक्टेयर क्षेत्र कम गहरे पानी वाले खेतों में शामिल है। इसके साथ ही प्रदेश में 15 हेक्टेयर क्षेत्र में मखाना बीज उत्पादन कार्यक्रम भी संचालित किया जा रहा है। धमतरी, रायपुर के आरंग क्षेत्र, बालोद, महासमुंद, गरियाबंद और जांजगीर-चांपा जिले मखाना उत्पादन के प्रमुख केंद्र बन रहे हैं।
खेती से लेकर मार्केटिंग तक मिलेगी विशेषज्ञों की जानकारी
दो दिवसीय कार्यशाला में किसानों को मखाना की उन्नत खेती, वैज्ञानिक प्रसंस्करण, मशीनीकरण, मूल्य संवर्धन, कीट एवं रोग प्रबंधन और विपणन से जुड़ी आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी जाएगी।
कार्यशाला में राष्ट्रीय मखाना संस्थान के प्रमुख वैज्ञानिक डॉ. मनोज कुमार, प्रसंस्करण के मुख्य वैज्ञानिक धमेन्दर कुमार, बिहार के मखाना विशेषज्ञ डॉ. विद्यानन्द झा, केंद्रीय फसल-कटाई उपरांत अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान लुधियाना के प्रमुख वैज्ञानिक डॉ. राजेश कुमार विश्वकर्मा सहित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के मखाना नोडल अधिकारी डॉ. घनश्याम दास साहू और मखाना समन्वयक डॉ. गजेन्द्र चन्द्राकर व्याख्यान देंगे।
