रायपुर। छत्तीसगढ़ की रायपुर में नवजात बच्चे की खरीद-फरोख्त का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। पुलिस ने इस मामले में तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। निःशुल्क प्रसव और उपचार कराने का झांसा देकर ओडिशा के सुंदरगढ़ की एक गर्भवती महिला को रायपुर बुलाया गया। आरोप है कि प्रसव के बाद उसके नवजात बच्चे को बेचने की कोशिश की गई और विरोध करने पर महिला को बच्चे सहित बंधक बनाकर रखा गया। मामले में आजाद चौक थाना पुलिस ने तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है।
निःशुल्क इलाज का झांसा देकर रायपुर बुलाया
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता सुंदरगढ़ (ओडिशा) की निवासी है। गर्भावस्था के दौरान उसका संपर्क रायपुर निवासी कृतिका साहू से हुआ था। कृतिका ने उसे निःशुल्क प्रसव और उपचार कराने का भरोसा दिलाकर रायपुर बुलाया। यहां आने के बाद उसकी मुलाकात गीतिका और अहिल्या से कराई गई। इसके बाद महिला को गोगांव स्थित अहिल्या के घर में ठहराया गया।
नवजात बच्चे को बेचने का दिया प्रलोभन
आरोप है कि तीनों महिलाओं ने पीड़िता की आर्थिक मजबूरी का फायदा उठाते हुए उसके नवजात बच्चे को किसी निःसंतान दंपत्ति को बेचने के बदले मोटी रकम दिलाने का प्रलोभन दिया। महिला ने जब बच्चे को बेचने से इनकार किया तो उसे डराया-धमकाया गया।
बताया गया कि 4 नवंबर 2026 को प्रसव के बाद महिला को नवजात शिशु सहित दोबारा अहिल्या के घर ले जाया गया, जहां उसे कथित तौर पर बंधक बनाकर रखा गया। आरोपियों ने महिला को धमकी दी कि प्रसव में हुए खर्च की भरपाई उसके बच्चे को बेचकर की जाएगी।
पुलिस ने तीनों महिलाओं को किया गिरफ्तार
पीड़िता की शिकायत पर आजाद चौक थाने में अपराध क्रमांक 307/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(3), 143(4), 318(4) और 61 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद आजाद चौक पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए तीनों महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
अन्य नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त का भी संदेह
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर अन्य नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त में भी संलिप्तता से जुड़ी जानकारी दी है। इसके बाद पुलिस इस पूरे मामले के नेटवर्क की जांच कर रही है।
जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस अवैध गतिविधि में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा पहले भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिया गया है या नहीं। पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान जिस किसी की भी संलिप्तता सामने आएगी, उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपी महिलाओं के नाम
1. कृतिका साहू (34 वर्ष) – निवासी आमापारा थाना आजाद चौक, रायपुर।
2. अहिल्या नामदेव (40 वर्ष) – निवासी गोगांव, थाना गुढ़ियारी, रायपुर।
3. गीतिका नाग (36 वर्ष) – निवासी भिलाई-03, जिला दुर्ग।
