छत्तीसगढ़

Chhattisgarh Dhan Kharidi: छत्तीसगढ़ में धान खरीदी शुरू: 21 क्विंटल से कम धान बेचने पर भी मिलेगी पूरी आदान सहायता

रायपुर। छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का आगाज हो गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जनजातीय गौरव दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में धरमजयगढ़ पहुंचकर खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल की मौजूदगी में धान खरीदी का शुभारंभ किया। राज्य सरकार इस वर्ष किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान की खरीदी कर रही है। वहीं किसानों को बड़ी राहत देते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी कृषक उन्नति योजना के तहत पूरी आदान सहायता राशि दी जाएगी।

मुख्यमंत्री के इस फैसले से विशेष रूप से कम उत्पादन वाले जनजातीय और वनांचल क्षेत्रों के किसानों को लाभ मिलेगा। सरकार के अनुसार पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की पूरी आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी।

21 क्विंटल से कम धान बेचने पर भी मिलेगी पूरी सहायता राशि

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि कई बार कम उत्पादन या अन्य परिस्थितियों के कारण किसान निर्धारित 21 क्विंटल प्रति एकड़ के अनुपात में धान नहीं बेच पाते। ऐसे किसानों को भी उनके सत्यापित रकबे के आधार पर पूरी आदान सहायता राशि दी जाएगी।

उदाहरण के तौर पर यदि कोई पात्र किसान एक एकड़ में 15 क्विंटल धान बेचता है, तो शेष 6 क्विंटल के बराबर की आदान सहायता राशि भी उसे मिलेगी। इस तरह किसान को प्रति एकड़ निर्धारित 13,839 रुपये की पूरी सहायता प्राप्त होगी। सरकार के इस निर्णय को किसानों के आर्थिक हित में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

प्रदेश के 3,095 केंद्रों में होगी धान खरीदी

राज्य सरकार ने इस खरीफ विपणन वर्ष में लगभग 27 लाख 50 हजार किसानों से धान खरीदी के लिए व्यापक व्यवस्था की है। प्रदेश के सभी 33 जिलों में कुल 3,095 धान उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं।

15 नवंबर 2026 तक की स्थिति के अनुसार 2,805 केंद्रों में टोकन जारी किए जा चुके हैं, जबकि 1,606 केंद्रों में धान खरीदी शुरू हो गई है। इन केंद्रों के माध्यम से अब तक कुल 1,98,364.80 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है।

इसमें 1,10,979.20 क्विंटल मोटा धान, 80,489.60 क्विंटल पतला धान और 6,896 क्विंटल सरना धान शामिल है।

धान खरीदी में राजनांदगांव और बालोद आगे

जिलेवार आंकड़ों के अनुसार राजनांदगांव जिले में अब तक सर्वाधिक 26,464.40 क्विंटल धान की खरीदी हुई है। वहीं बालोद जिले में 24,676 क्विंटल और महासमुंद जिले में 20,444.80 क्विंटल धान का उपार्जन किया गया है।

धमतरी जिले में 19,829.20 क्विंटल, बेमेतरा में 16,320.40 क्विंटल, दुर्ग में 13,952.80 क्विंटल और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में 11,871.60 क्विंटल धान खरीदा गया है।

बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में 10,004.40 क्विंटल और रायपुर जिले में 9,365.60 क्विंटल धान का उपार्जन दर्ज किया गया है। अन्य जिलों में भी धान खरीदी की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है।

बस्तर से सरगुजा तक धान खरीदी की तैयारी

प्रदेश के बस्तर संभाग सहित अन्य जिलों में भी धान खरीदी शुरू हो चुकी है। कांकेर जिले में अब तक 3,220.40 क्विंटल, कोंडागांव में 3,888.40 क्विंटल, बस्तर में 474 क्विंटल और नारायणपुर में 294.80 क्विंटल धान का उपार्जन हुआ है।

इसी तरह बीजापुर में 95.20 क्विंटल, दंतेवाड़ा में 22 क्विंटल और बिलासपुर में 3,603.60 क्विंटल धान खरीदा गया है। सरगुजा, सूरजपुर, जशपुर, कोरिया, रायगढ़ और अन्य जिलों में भी खरीदी की गतिविधियां जारी हैं।

रायगढ़ में 85,501 किसानों का पंजीयन, 20 चेक पोस्ट पर निगरानी

रायगढ़ जिले में इस वर्ष धान खरीदी के लिए 85,501 किसानों ने पंजीयन कराया है। इनका कुल पंजीकृत रकबा 1,21,690.325 हेक्टेयर है। किसानों की सुविधा के लिए जिले में धान उपार्जन केंद्रों की संख्या 105 से बढ़ाकर 112 और सेवा सहकारी समितियों की संख्या 69 से बढ़ाकर 79 कर दी गई है।

वहीं अवैध धान परिवहन, भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिले में 20 चेक पोस्ट स्थापित किए गए हैं। इन चेक पोस्ट पर तीन पालियों में 24 घंटे निगरानी की जा रही है। इसके अलावा तहसील स्तर पर उड़नदस्ता दलों का गठन कर लगातार निरीक्षण कराया जा रहा है।

Ali Ahmad

लेखक के बारे में : अली अहमद - चौपाल संदेश के संपादक है । 'चौपाल संदेश' के संपादक के रूप में जन-सरोकार, राजनीति और समसामयिक विषयों पर निष्पक्ष एवं सटीक पत्रकारिता का अनुभव। समाज के हर वर्ग से जुड़ी अहम ख़बरों और ज़मीनी मुद्दों को पाठकों तक पहुँचाना ही मुख्य ध्येय है। ग्राउंड रिपोर्टिंग, राजनीतिक विश्लेषण और सामाजिक-आर्थिक मुद्दों पर निष्पक्ष विचार व सटीक ख़बरों के लिए प्रतिबद्ध।

Recent Posts

छत्तीसगढ़ को मिलेेंगे प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के 4 राष्ट्रीय पुरस्कार, बिलासपुर समेत इन 3 नगरीय निकायों का भी चयन

रायपुर । Pradhanmantri Swanidhi Yojana Chhattisgarh News. प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत उत्कृष्ट कार्यों के…

20 minutes ago

कानपुर से दिल्ली के बीच शुरू हुई नई एक्सप्रेस ट्रेन, अश्विनी वैष्णव ने दिखाई हरी झंडी; 428 KM की दूरी तय करेगी ट्रेन

नई दिल्ली/कानपुर । उत्तर प्रदेश के कानपुर और देश की राजधानी दिल्ली के बीच रेल…

28 minutes ago

रायपुर ग्रामीण पुलिस ने 234 किलो गांजा, 326 प्रतिबंधित टेबलेट और 12 ग्राम MDMA किया नष्ट, सिलतरा प्लांट में हुई कार्रवाई

रायपुर। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए…

53 minutes ago

रायपुर में नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 26 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

रायपुर। Raipur. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के…

1 day ago

रायपुर में पीएम स्वनिधि महोत्सव ने पेश की मिसाल, 2500 लोगों के आयोजन में नहीं हुआ सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल

रायपुर। Swanidhi Mahotsav. राजधानी रायपुर में आयोजित पीएम स्वनिधि महोत्सव ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा…

1 day ago