पटना। राज्य में 5 से 12 सितंबर तक पटना और राजगीर के विश्वस्तरीय खेल परिसरों में बिहार राज्य खेल-2026 का आयोजन होगा। बिहार ओलंपिक एसोसिएशन (बीओए) और बिहार सरकार के खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में पहली बार इसका आयोजन किया जा रहा है। जिसमें प्रदेश के लगभग 5 हजार खिलाड़ी (महिला एवं पुस्र्ष) भाग लेंगे। इसकी जानकारी शुक्रवार को बिहार ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री अजय कुमार ने पटना के लेमन-ट्री होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में दी। उन्होंने कहा कि हजारों खिलाड़ियों की भागीदारी वाला यह आयोजन बिहार के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा बहु-खेल महाकुंभ होगा।
इसका शुभारंभ 16 अगस्त को पटना के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से शुभारंभ समारोह और मशाल यात्रा (टॉर्च रिले) के साथ होगा। 5 सितंबर को पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में भव्य उद्घाटन समारोह का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिताएं 5 से 12 सितंबर तक पटना और नालंदा (राजगीर) के विश्वस्तरीय खेल परिसरों में खेली जाएंगी, जबकि 12 सितंबर को पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में रंगारंग समापन समारोह के साथ खेलों का समापन होगा।
22 खेल प्रतिस्पर्धाओं का होगा आयोजन
बिहार राज्य खेल-2026 में कुल 22 खेल विधाओं की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। पटना में तीरंदाजी, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बॉक्सिंग, साइक्लिंग, शूटिंग, वुशु, योगासन और ताइक्वांडो की स्पर्धाएं होगी। वहीं, राजगीर स्थित बिहार खेल अकादमी में हैंडबॉल, हॉकी, जूडो, कबड्डी, तैराकी, टेबल टेनिस, वॉलीबॉल, वेटलिफ्टिंग, कुश्ती, बास्केटबॉल, फेंसिंग, रग्बी और फुटबॉल की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसमें 2 और खेलों पेंटाथलॉन व बॉलिंग को शामिल करने पर बात चल रही है। व्यक्तिगत और टीम स्पर्धा में 22 खेल विधाओं में राज्य के शीर्ष 8 टीमें भाग लेंगी।
पहली बार हो रहा आयोजन
यह पहला अवसर होगा जब बिहार ओलंपिक एसोसिएशन के नेतृत्व में इतने बड़े स्तर पर राज्य स्तरीय बहुखेल आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य राज्य के हर जिले से उभर रही खेल प्रतिभाओं को एक बड़ा मंच उपलब्ध कराना, जमीनी स्तर पर खेल संस्कृति को मजबूत करना तथा ऐसे खिलाड़ियों को तैयार करना है जो भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बिहार और देश का नाम रोशन कर सकें।