पटना। Bajpatti Prakhand Pramukh News. बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई की है। सीतामढ़ी जिले के बाजपट्टी प्रखंड प्रमुख मोहम्मद अफजल आलम के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में ईओयू की टीम ने एक साथ चार ठिकानों पर छापेमारी की। शुरुआती जांच में उनकी ज्ञात आय से करीब 260 प्रतिशत अधिक संपत्ति का पता चला है। कार्रवाई के दौरान 30 लाख रुपये नकद, करीब 10 लाख रुपये के जेवरात और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

आर्थिक अपराध इकाई ने इस मामले में कांड संख्या 33/26 दर्ज करते हुए संबंधित धाराओं के तहत जांच शुरू की है। शुरुआती जांच के अनुसार, मोहम्मद अफजल आलम ने अपने पद का दुरुपयोग कर वैध आय के स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित की है। जांच में अब तक 1 करोड़ 25 लाख 3 हजार 500 रुपये की आय से अधिक संपत्ति का पता चला है।

चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी, कहां-कहां पहुंची EOU की टीम?

ईओयू की टीम ने मोहम्मद अफजल आलम के चार ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। इनमें सीतामढ़ी जिले के बाजपट्टी थाना क्षेत्र के हरपुरवा स्थित पैतृक आवास, हरपुरवा में उनका निजी मकान, प्रखंड प्रमुख का सरकारी कार्यालय और मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र के मकसुदपुर स्थित निजी आवास शामिल हैं।

छापेमारी के दौरान टीम को 30 लाख रुपये नकद, लगभग 10 लाख रुपये के जेवरात, 12 बैंक खातों और भारतीय जीवन बीमा निगम की 8 पॉलिसियों से जुड़े दस्तावेज मिले हैं। बरामद दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

पांच साल में 14 जमीन और मकान खरीदने का खुलासा

जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि पिछले पांच वर्षों में मोहम्मद अफजल आलम ने अपने और परिजनों के नाम पर 14 जमीन या मकान अर्जित किए हैं। तलाशी के दौरान इन संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज भी बरामद हुए हैं।

जांच में औराई प्रखंड क्षेत्र में 104 डिसमिल जमीन का एक बड़ा प्लॉट भी सामने आया है। इसकी निबंधन कीमत करीब 4 करोड़ रुपये बताई गई है। यह जमीन उनके तीन दोस्तों या संबंधियों के नाम पर दर्ज होने की जानकारी मिली है। ईओयू इस संपत्ति के वास्तविक स्वामित्व और लेनदेन की जांच कर रही है।

आय से 260 प्रतिशत अधिक संपत्ति, आगे बढ़ सकता है आंकड़ा

ईओयू की शुरुआती जांच में अब तक 1 करोड़ 25 लाख 3 हजार 500 रुपये की अवैध संपत्ति का पता चला है। यह उनकी ज्ञात वैध आय से करीब 260 प्रतिशत अधिक बताई गई है। अधिकारियों के अनुसार, छापेमारी में मिले अन्य दस्तावेजों और बैंक खातों की जांच अभी जारी है। जांच पूरी होने के बाद आय से अधिक संपत्ति का आंकड़ा और बढ़ सकता है।

पंचायत राज विभाग को भी दी जाएगी कार्रवाई की जानकारी

बाजपट्टी प्रखंड प्रमुख मोहम्मद अफजल आलम के खिलाफ दर्ज मामले और लोक सेवक के रूप में कथित तौर पर पद के दुरुपयोग की जानकारी सक्षम प्राधिकार यानी पंचायत राज विभाग को भी दी जा रही है। फिलहाल ईओयू की टीम बरामद दस्तावेजों और संपत्तियों की विस्तृत जांच में जुटी है। इस कार्रवाई को बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।

Avatar photo

By Ali Ahmad

लेखक के बारे में : अली अहमद - चौपाल संदेश के संपादक है ।
'चौपाल संदेश' के संपादक के रूप में जन-सरोकार, राजनीति और समसामयिक विषयों पर निष्पक्ष एवं सटीक पत्रकारिता का अनुभव। समाज के हर वर्ग से जुड़ी अहम ख़बरों और ज़मीनी मुद्दों को पाठकों तक पहुँचाना ही मुख्य ध्येय है।
ग्राउंड रिपोर्टिंग, राजनीतिक विश्लेषण और सामाजिक-आर्थिक मुद्दों पर निष्पक्ष विचार व सटीक ख़बरों के लिए प्रतिबद्ध।