मंदसौर/नीमच। गांधीसागर पावर प्लांट. मध्यप्रदेश में बिजली उत्पादन और ऊर्जा भंडारण के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल होने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंदसौर जिले के गांधीसागर में कैबिनेट बैठक के बाद नीमच जिले की रामपुरा तहसील स्थित ग्रीनको पावर प्लांट का अवलोकन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने परियोजना की एक इकाई का बटन दबाकर शुभारंभ किया। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के शुरू होने से प्रदेश को बिजली की बढ़ती मांग के समय बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हाइड्रो पावर प्लांट और पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज बिजली उत्पादन के क्षेत्र में नई तकनीक हैं। गांधीसागर में विकसित की जा रही पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना की लागत लगभग 11 हजार 474 करोड़ रुपये है। परियोजना के पूर्ण रूप से शुरू होने के बाद पीक ऑवर्स यानी बिजली की सर्वाधिक मांग के समय 2,000 मेगावाट बिजली उपलब्ध कराई जा सकेगी। इससे प्रदेश में चौबीसों घंटे पर्याप्त बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
एशिया की सबसे बड़ी पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजनाओं में शामिल
नीमच जिले में ग्रीनको ग्रुप द्वारा 1,920 मेगावाट क्षमता की गांधीसागर पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना का निर्माण किया जा रहा है। इस परियोजना में करीब 11,500 करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है। पूरी क्षमता से शुरू होने पर यह लगातार छह घंटे तक बिजली उत्पादन कर सकेगी।
परियोजना का निर्माण नीमच जिले की रामपुरा तहसील के खेमला ब्लॉक के गांव में लगभग 414 हेक्टेयर भूमि पर किया जा रहा है। इसे देश ही नहीं, बल्कि पूरे एशिया की सबसे बड़ी निर्माणाधीन स्वतंत्र पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना बताया गया है।
आखिर कैसे काम करेगी यह तकनीक?
इस परियोजना में बिजली का भंडारण करने के लिए दो जलाशयों का उपयोग किया जाएगा। निचला जलाशय मौजूदा गांधीसागर जलाशय होगा, जबकि दूसरा ऊपरी जलाशय बनाया गया है।
जब बिजली की मांग कम होगी, तब ग्रिड से मिलने वाली अतिरिक्त सौर और पवन ऊर्जा का इस्तेमाल कर पानी को निचले जलाशय से ऊपरी जलाशय तक पंप किया जाएगा। इसके बाद जब बिजली की मांग बढ़ेगी, विशेषकर पीक ऑवर्स में, तब ऊपरी जलाशय से पानी नीचे छोड़ा जाएगा। पानी के प्रवाह से टरबाइन चलेंगे और बिजली का उत्पादन होगा।
इस तकनीक की खास बात यह है कि पानी को बार-बार चक्रिय रूप से इस्तेमाल किया जाएगा। परियोजना में गांधीसागर जलाशय से लगभग 2.4 TMC पानी का उपयोग होगा, जिसकी खपत नहीं होगी।
9 टर्बाइन से होगा 3,580 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन
परियोजना में कुल 9 टर्बाइन लगाए जा रहे हैं। इनकी कुल वार्षिक ऊर्जा उत्पादन क्षमता लगभग 3,580 मिलियन यूनिट होगी। परियोजना की राउंड ट्रिप एफिशिएंसी यानी संग्रहित ऊर्जा को दोबारा बिजली के रूप में उपलब्ध कराने की क्षमता लगभग 80 प्रतिशत रहने का अनुमान है।
बिजली की निकासी और पंपिंग व्यवस्था के लिए परियोजना को लगभग 60 किलोमीटर दूर मंदसौर जिले में स्थित 765/400 केवी PGCIL/CTU सब-स्टेशन से जोड़ा गया है।
जून 2027 से शुरू होगा पूरा व्यावसायिक संचालन
परियोजना का पूरा कमर्शियल ऑपरेशन जून 2027 से शुरू होने का लक्ष्य रखा गया है। निर्माण कार्य के दौरान लगभग 4 हजार लोगों को रोजगार मिला है। परियोजना के संचालन और रखरखाव शुरू होने के बाद भी स्थायी रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
