भोपाल। Bhopal News. इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पेयजल के कारण हुई मौतों का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ है कि अब राजधानी भोपाल के वैशाली नगर में भी पेयजल में E. coli बैक्टीरिया मिलने की खबर सामने आई है। इस खबर के बाद क्षेत्र में पेयजल की गुणवत्ता और नगर निगम की व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
इस मामले को लेकर अभिनव बरोलिया माली ने नगर निगम प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि राजधानी के वैशाली नगर में पानी की गुणवत्ता को लेकर सामने आई जानकारी बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि जिस वार्ड में यह मामला सामने आया है, वहां नगर निगम अध्यक्ष और भाजपा के पार्षद स्वयं निवास करते हैं। इसके बावजूद यदि पेयजल की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं, तो शहर के अन्य इलाकों की स्थिति को लेकर भी चिंता होना स्वाभाविक है।
इंदौर की घटना से भी नहीं लिया सबक: अभिनव बरोलिया माली
अभिनव बरोलिया माली ने कहा कि इंदौर में दूषित पेयजल से हुई मौतों के बाद भी सरकार और नगर निगम प्रशासन ने कोई सबक नहीं लिया है। जनता को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना नगर निगम की बुनियादी जिम्मेदारी है। पानी जैसी आवश्यक सुविधा के लिए यदि नागरिकों को अपनी सेहत और जीवन की चिंता करनी पड़े, तो यह गंभीर प्रशासनिक चिंता का विषय है।
पानी की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग
उन्होंने नगर निगम प्रशासन से मांग की कि वैशाली नगर से लिए गए पानी के नमूनों की आधिकारिक जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए। इसके साथ ही पूरे क्षेत्र में पेयजल की गुणवत्ता की जांच कराई जाए और दूषित पानी के स्रोत की पहचान कर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जाए।
उन्होंने इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की भी मांग की।
अभिनव बरोलिया माली ने कहा कि जनता को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि सुरक्षित पेयजल चाहिए।
