रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में एण्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और पुरानी बस्ती थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने MDMA ड्रग्स के साथ आरोपी रितिक मोदी 26 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 2.65 ग्राम MDMA, बिक्री के 200 रुपये और एक आईफोन मोबाइल बरामद किया गया है। पुलिस ने जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 1 लाख 27 हजार 200 रुपये बताई है।
पहाड़ी तालाब के पास ग्राहक तलाश रहा था आरोपी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 13 नवंबर 2026 को एण्टी नारकोटिक टास्क फोर्स को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के कुशालपुर स्थित पहाड़ी तालाब के पास एक व्यक्ति नशीला पदार्थ लेकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और पुरानी बस्ती थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और रेड कार्रवाई की। इस दौरान मुखबिर के बताए हुलिए के आधार पर एक संदिग्ध युवक को पकड़ा गया।
तलाशी में मिला 2.65 ग्राम MDMA
पूछताछ में युवक ने अपना नाम रितिक मोदी बताया। पुलिस ने उसकी तलाशी ली तो उसके कब्जे से सफेद नशीला पाउडर MDMA बरामद हुआ। इसका वजन 2.65 ग्राम और अनुमानित कीमत 26 हजार 500 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के पास से बिक्री की रकम 200 रुपये और एक आईफोन मोबाइल भी जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 1 लाख 27 हजार 200 रुपये बताई गई है।
आरोपी के खिलाफ थाना पुरानी बस्ती में अपराध क्रमांक 590/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(ख) और 29 के अंतर्गत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
