रायपुर। Swachh Survekshan 2025-26. स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के राष्ट्रीय पुरस्कारों में छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों ने जगह बनाई है। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु 11 नवंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा को सम्मानित करेंगी। इस उपलब्धि के साथ छत्तीसगढ़ के इन तीनों नगरीय निकायों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी।
केन्द्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा 11 नवंबर को सुबह 11:30 बजे से स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल तथा केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू भी शामिल होंगे।
छत्तीसगढ़ की ओर से उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास मंत्री श्री अरुण साव, प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा, सूडा के सीईओ श्री सुमीत अग्रवाल सहित चयनित नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्वच्छता कर्मी समारोह में शामिल होंगे।
सफाई मित्रों और नागरिकों की भागीदारी से मिली उपलब्धि
स्वच्छ सर्वेक्षण के दसवें संस्करण में छत्तीसगढ़ के तीन शहरों का राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चयन किया गया है। इस वर्ष सर्वेक्षण की थीम ‘स्वच्छता की नई पहल—बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ’ रखी गई है। इसका उद्देश्य स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी को बढ़ावा देना है।
प्रदेश के इन शहरों में स्वच्छता गतिविधियों को सफल बनाने में नगरीय निकायों के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ सफाई मित्रों तथा स्थानीय नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
पिछले सर्वेक्षण में भी मिला था राष्ट्रीय सम्मान
खास बात यह है कि स्वच्छ सर्वेक्षण के पिछले संस्करण में भी रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा को राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया था। इस बार फिर तीनों नगरीय निकायों का राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चयन होना प्रदेश में स्वच्छता अभियान और जनभागीदारी से जुड़े प्रयासों को दर्शाता है।
