Bihar News. पटना: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ की गई अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में सोमवार को बिहार भाजपा ने पटना में सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने आयकर गोलंबर से डाक बंगला चौराहे तक मार्च निकाला और कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ अपना कड़ा आक्रोश जाहिर किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पुतले को थप्पड़ मारकर और उसमें आग लगाकर अपना विरोध दर्ज कराया।
दिवंगत माता-पिता पर टिप्पणी से भड़की भाजपा
प्रदर्शन के दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने कांग्रेस अध्यक्ष के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के साथ राजनीतिक असहमति हो सकती है, लेकिन उनके दिवंगत माता-पिता के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। सरावगी ने आरोप लगाया कि ‘बिहार केसरी श्रीकृष्ण सिंह’ की जयंती के पवित्र मंच का इस्तेमाल कर प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया है, जो राजनीतिक मर्यादा के पूरी तरह खिलाफ है।
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस और महागठबंधन के नेता चुनावी हार और अपनी राजनीतिक हताशा के कारण इस तरह के ओछे बयानों पर उतर आए हैं। जनता ऐसे बयानों का करारा जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी।

दिग्गज नेता रहे मौजूद
इस विरोध प्रदर्शन में बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव, मुख्य सचेतक एवं विधायक संजीव चौरसिया, विधायक रत्नेश कुशवाहा, जनक राम, कृष्ण कुमार ऋषि सहित कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल रहे।
