Spread the love

CG News, रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 की महिलाओं की 53 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाली राजनांदगांव की प्रतिभाशाली खिलाड़ी ज्ञानेश्वरी यादव को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि विश्व स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में ज्ञानेश्वरी यादव द्वारा हासिल की गई यह सफलता केवल एक खिलाड़ी की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ की प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प का सम्मान है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों को खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की नई प्रेरणा मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनांदगांव की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव ने यह सिद्ध कर दिया है कि यदि प्रतिभा को समर्पण, अनुशासन और निरंतर परिश्रम का साथ मिले तो वैश्विक मंच पर भी सफलता प्राप्त की जा सकती है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खेल संस्कृति को सशक्त बनाने, खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर सुविधाएँ और प्रोत्साहन उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। हमारी सरकार का उद्देश्य ऐसा वातावरण तैयार करना है, जहाँ छत्तीसगढ़ के युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन करें।

Avatar photo

By Ali Ahmad

लेखक के बारे में : अली अहमद - चौपाल संदेश के संपादक है । 'चौपाल संदेश' के संपादक के रूप में जन-सरोकार, राजनीति और समसामयिक विषयों पर निष्पक्ष एवं सटीक पत्रकारिता का अनुभव। समाज के हर वर्ग से जुड़ी अहम ख़बरों और ज़मीनी मुद्दों को पाठकों तक पहुँचाना ही मुख्य ध्येय है। ग्राउंड रिपोर्टिंग, राजनीतिक विश्लेषण और सामाजिक-आर्थिक मुद्दों पर निष्पक्ष विचार व सटीक ख़बरों के लिए प्रतिबद्ध।