Spread the love

रायपुर। नकली दवाओं के गंभीर प्रकरण में निष्पक्ष और कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर आज NSUI जिला अध्यक्ष शान्तनु झा एवं प्रतिनिधिमंडल ने रायपुर पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा,सिविल लाइन थाना प्रभारी द्वारा NSUI का ज्ञापन प्राप्त किया गया तथा मामले में उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया।

इस दौरान संगठन ने मांग की कि जब नकली दवा कारोबारीयो को न्यायिक रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है, तो सहायक औषधि नियंत्रक संजय नेताम को भी न्यायिक रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की जाए, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके और पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सके।

शान्तनु झा ने मीडिया से कहा कि संजय नेताम का पूर्व कार्यकाल भी विवादों से जुड़ा रहा है और वे अपने रसूख के दम पर बार-बार कार्रवाई से बचते हुए नजर आए हैं। संगठन का मानना है कि जिस दिन संजय नेताम को गिरफ्तार कर सख्ती से पूछताछ की जाएगी, उस दिन पूरे सिंडिकेट का भंडाफोड़ हो जाएगा।

संगठन ने यह भी कहा कि संजय नेताम आरोपियों के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में एक निजी कैफे में कैमरे में कैद हो चुके हैं तथा उन्हें शासन द्वारा निलंबित किया जा चुका है, जो उनकी भूमिका को संदिग्ध एवं संभावित रूप से संलिप्त दर्शाता है। इसके बावजूद अब तक उनके खिलाफ आपराधिक स्तर पर ठोस कार्रवाई नहीं होना गंभीर चिंता का विषय है।

NSUI ने स्पष्ट किया है कि यदि इस मामले में समान और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित नहीं की गई तो संगठन आने वाले समय में आंदोलन को और तेज करेगा। जनता के स्वास्थ्य से जुड़े इस गंभीर प्रकरण में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाना चाहिए।