पटना। बिहार की मशहूर लोकगायिका और अलीनगर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर एक नए विवाद को लेकर चर्चा में आ गई हैं। मैथिली ठाकुर और उनके पिता रमेश ठाकुर पर गांव में सरकारी जमीन, सार्वजनिक रास्ते और निजी जमीन पर कथित रूप से कब्जा करने के आरोप लगे हैं। इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर भी जमकर चर्चा है। आरोपों से जुड़ी पोस्ट और खबरें तेजी से वायरल हो रही हैं, जिसके बाद यह मामला सुर्खियों में आ गया है।

ग्रामीणों ने लगाए जमीन कब्जाने के आरोप

मामला बिहार के दरभंगा जिले के तारडीह प्रखंड स्थित पोखरभिंडा गांव का बताया जा रहा है। यहां के कुछ ग्रामीणों ने मैथिली ठाकुर के पिता रमेश ठाकुर पर ग्राम देवता तिवारी बाबा के स्थल, राधाकृष्ण मंदिर, सार्वजनिक रास्ते, सरकारी जमीन और निजी भूखंडों पर कथित अतिक्रमण करने का आरोप लगाया है।

ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में बन रही चारदीवारी और अन्य निर्माण कार्यों के कारण सार्वजनिक रास्ते और आसपास की जमीन प्रभावित हो रही है। इसके अलावा तालाब से निकलने वाले नाले को मिट्टी से भरने और कुछ निजी जमीनों पर कब्जा करने की शिकायत भी की गई है।

इस मामले में ग्रामीणों ने अंचल अधिकारी (CO) को लिखित आवेदन देकर जमीन की सरकारी अमीन से मापी कराने और निष्पक्ष जांच की मांग की है। शिकायत मुख्यमंत्री कार्यालय और बिहार सरकार के सहयोग पोर्टल तक भी पहुंचाई गई है।

सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा मामला

मैथिली ठाकुर और उनके परिवार से जुड़ा यह विवाद सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हो रही है। कई लोग इस मामले को लेकर सवाल उठा रहे हैं, तो कुछ लोग बिना जांच के किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बचने की अपील कर रहे हैं। जमीन कब्जाने के आरोपों को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।

मैथिली ठाकुर ने आरोपों को बताया बेबुनियाद

विवाद बढ़ने के बाद भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने अपने और अपने परिवार पर लगाए गए आरोपों को निराधार और बेबुनियाद बताया है।

मैथिली ठाकुर का कहना है कि उनके परिवार के पास जमीन से संबंधित सभी जरूरी कागजात मौजूद हैं। यदि किसी को जमीन को लेकर कोई आपत्ति है तो वह संबंधित अंचल अधिकारी, डीसीएलआर या अन्य विभागीय अधिकारियों के सामने अपने सबूत पेश करे।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर उनके परिवार को लेकर भू-माफिया और गरीबों की जमीन हड़पने जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे उन्हें काफी दुख हो रहा है। उन्होंने आरोपों को साबित करने की चुनौती भी दी है।

प्रशासन ने दिए जमीन की मापी के निर्देश

इस मामले में ग्रामीणों की शिकायत मिलने के बाद अंचल अधिकारी ने जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, राजस्व कर्मचारी और अंचल अमीन को विवादित जमीन की मापी कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। दोनों पक्षों को जनता दरबार में बुलाकर उनके दस्तावेज और पक्ष सुने जाएंगे। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल मैथिली ठाकुर और उनके पिता पर लगाए गए जमीन कब्जाने के आरोपों की प्रशासनिक जांच होना बाकी है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि ग्रामीणों की शिकायतों में कितनी सच्चाई है।

Avatar photo

By Ali Ahmad

लेखक के बारे में : अली अहमद - चौपाल संदेश के संपादक है ।
'चौपाल संदेश' के संपादक के रूप में जन-सरोकार, राजनीति और समसामयिक विषयों पर निष्पक्ष एवं सटीक पत्रकारिता का अनुभव। समाज के हर वर्ग से जुड़ी अहम ख़बरों और ज़मीनी मुद्दों को पाठकों तक पहुँचाना ही मुख्य ध्येय है।
ग्राउंड रिपोर्टिंग, राजनीतिक विश्लेषण और सामाजिक-आर्थिक मुद्दों पर निष्पक्ष विचार व सटीक ख़बरों के लिए प्रतिबद्ध।