पटना: बिहार में पर्व-त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। ईदे मिलाद-उन-नबी, अनंत चतुर्दशी और विश्वकर्मा पूजा के मद्देनजर सभी जिलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की अनुमति के बिना जुलूस निकालने की अनुमति नहीं होगी और जुलूसों में डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

जुलूस से पहले लाइसेंस लेना अनिवार्य

पुलिस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में एडीजी (विधि-व्यवस्था) पंकज कुमार दराद ने बताया कि सभी जिलों को अतिरिक्त सुरक्षा बल उपलब्ध कराए गए हैं। जुलूस और मूर्ति विसर्जन से पहले शांति समिति की बैठक आयोजित करने तथा जुलूस का मार्ग निर्धारित कर उसका भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए गए हैं।

संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। सभी जुलूसों की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। विसर्जन के लिए निर्धारित नदी घाटों पर गोताखोरों की तैनाती भी की जाएगी।

24 घंटे सक्रिय रहेंगे कंट्रोल रूम

एडीजी के अनुसार, त्योहारों के दौरान जिला स्तर से लेकर पुलिस मुख्यालय तक कंट्रोल रूम चौबीसों घंटे सक्रिय रहेंगे। मुख्यालय हर चार घंटे में जिलों से स्थिति की जानकारी लेगा। अफवाहों पर रोक लगाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सोशल मीडिया की निगरानी भी की जाएगी।

उन्होंने बताया कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की गई है।

गया के पितृपक्ष मेले में अतिरिक्त बल की तैनाती

गया में पितृपक्ष मेले को देखते हुए भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार, मेले के लिए 395 पुलिस पदाधिकारी, 1,600 सिपाही और 800 गृहरक्षक तैनात किए गए हैं। इसके अलावा सशस्त्र बल, अश्वारोही बल, अश्रु गैस दस्ता, दंगा निरोधक कंपनी और बम निरोधक दस्ते की भी तैनाती की गई है।

Avatar photo

By Ali Ahmad

लेखक के बारे में : अली अहमद - चौपाल संदेश के संपादक है ।
'चौपाल संदेश' के संपादक के रूप में जन-सरोकार, राजनीति और समसामयिक विषयों पर निष्पक्ष एवं सटीक पत्रकारिता का अनुभव। समाज के हर वर्ग से जुड़ी अहम ख़बरों और ज़मीनी मुद्दों को पाठकों तक पहुँचाना ही मुख्य ध्येय है।
ग्राउंड रिपोर्टिंग, राजनीतिक विश्लेषण और सामाजिक-आर्थिक मुद्दों पर निष्पक्ष विचार व सटीक ख़बरों के लिए प्रतिबद्ध।