Spread the love

रायपुर:  शहर एवं ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रेसवार्ता में केंद्र की मोदी सरकार की जनविरोधी नीतियों एवं लगातार बढ़ती महंगाई के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया गया।इस अवसर पर शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन, ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे, पूर्व महापौर प्रमोद दुबे, पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा, पंकज शर्मा एवं आकाश शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित थे।
कांग्रेस नेताओं ने संयुक्त रूप से आरोप लगाया कि मोदी सरकार के आर्थिक कुप्रबंधन और कूटनीतिक विफलता के कारण देश में महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। आम जनता का जीवन स्तर गिरता जा रहा है और परिवार चलाना मुश्किल हो गया है।

शहर अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन ने कहा की मोदी सरकार ने एक बार फिर कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में 195 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है, जबकि पिछले तीन महीनों में ही 525 रुपये की वृद्धि हो चुकी है। वहीं घरेलू गैस सिलेंडर में भी हाल ही में 62 रुपये की बढ़ोतरी कर आम जनता पर अतिरिक्त बोझ डाला गया है। उन्होंने ने आरोप लगाया कि पेट्रोल डीजल पर एक्साइज घटाने का दिखावा कर सरकार ने वाहवाही लूटी, लेकिन हकीकत यह है कि पेट्रोल के दामों में फिर से बढ़ोतरी शुरू हो गई है। कई जगहों पर 1 रुपये से अधिक वृद्धि हुई है, जबकि नायरा पेट्रोल पंपों में 4 रुपये तक बढ़ोतरी देखी गई है।

ग्रामीण अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे ने कहा की एविएशन फ्यूल महंगा होने से हवाई यात्रा भी आम लोगों की पहुंच से दूर होती जा रही है। खाद्य तेल, दूध, राशन सामग्री सहित दैनिक उपयोग की सभी वस्तुओं के दाम बेतहाशा बढ़ गए हैं, जिससे आम आदमी के किचन का बजट पूरी तरह बिगड़ गयी है।

पूर्व महापौर प्रमोद दुबे ने कहा कि जो खाद्य तेल 70 साल में 70 रुपये प्रति लीटर तक पहुंचा था, वह मोदी राज में 200 रुपये के पार पहुंच गया। घरेलू गैस सिलेंडर जो भाजपा को 400 रुपये में महंगा लगता था, आज 900-1000 रुपये तक पहुंच गया है।

कुलदीप जुनेजा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकारों को आम जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है। सारी राहत और रियायतें केवल पूंजीपति मित्रों को दी जा रही हैं, जबकि देश के संसाधनों और सार्वजनिक उपक्रमों का लाभ भी उन्हीं को पहुंचाया जा रहा है।
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार द्वारा शुरू की गई मनरेगा जैसी योजना, जो रोजगार की कानूनी गारंटी थी, उसे वर्तमान सरकार ने कमजोर कर गरीबों के अधिकार छीन लिए हैं।

पंकज शर्मा ने कहा कि देश में आर्थिक असमानता तेजी से बढ़ रही है और इसका मुख्य कारण सरकार की गलत नीतियां हैं। रेलवे टिकट से लेकर स्कूल-कॉलेज की फीस तक हर चीज महंगी हो गई है।
बैंकों द्वारा विभिन्न सेवा शुल्क के नाम पर आम खाताधारकों से वसूली की जा रही है, जिससे जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। पेट्रोल, डीजल और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतों में अप्रत्याशित वृद्धि ने आम जनता का बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है।

आकाश शर्मा ने कहा की आज देश में आर्थिक असमानता चरम पर है। गरीब और गरीब होता जा रहा है, जबकि पूंजीपति और अमीर बनते जा रहे हैं। यह स्थिति बेहद चिंताजनक है।

कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि महंगाई पर जल्द नियंत्रण नहीं किया गया, तो आने वाले समय में व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।