रायपुर। छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक कलाओं और गौरवशाली विरासत का उत्सव राज्योत्सव 2026 अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गया है। तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ राज्योत्सव का भव्य समापन 3 नवंबर को नवा रायपुर अटल नगर स्थित राज्योत्सव मैदान में होगा। समापन समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
समापन समारोह का प्रमुख आकर्षण राज्य अलंकरण समारोह होगा, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रदेश की विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा पद्मश्री पंडवानी गायिका उषा बारले की प्रस्तुति और बॉलीवुड के मशहूर पार्श्व गायक अभिजीत भट्टाचार्य की संगीतमय प्रस्तुति से अंतिम शाम यादगार बनेगी।
अमित शाह के मुख्य आतिथ्य में होगा राज्य अलंकरण समारोह
राज्योत्सव के अंतिम दिन आयोजित समारोह में प्रदेश की कला, संस्कृति, साहित्य, समाज सेवा और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को राज्य अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा। यह समारोह उन विभूतियों के योगदान को सम्मान देने का अवसर होगा, जिन्होंने अपनी मेहनत, प्रतिभा और सृजनशीलता से छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है।
राज्य अलंकरण समारोह नई पीढ़ी को भी अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने और प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित करेगा।
पद्मश्री उषा बारले की पंडवानी प्रस्तुति से सजेगा मुख्य मंच
राज्योत्सव के अंतिम दिन मुख्य मंच पर शाम 6 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। शाम 6 से 6:30 बजे तक दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के कलाकार लोकसंगीत की प्रस्तुतियां देंगे।
इसके बाद शाम 6:30 से 7 बजे तक छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध पंडवानी गायिका पद्मश्री उषा बारले अपनी प्रस्तुति देंगी। उनकी प्रस्तुति के माध्यम से दर्शकों को प्रदेश की पारंपरिक लोक एवं आध्यात्मिक संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी।
रात 9 बजे अभिजीत भट्टाचार्य की होगी लाइव प्रस्तुति
मुख्य मंच पर शाम 7 बजे से रात 9 बजे तक राज्य अलंकरण समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके बाद रात 9 बजे से बॉलीवुड के लोकप्रिय पार्श्व गायक अभिजीत भट्टाचार्य अपनी सुरीली आवाज और लोकप्रिय गीतों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
उनकी संगीतमय प्रस्तुति राज्योत्सव की अंतिम शाम का सबसे बड़ा आकर्षण होगी। लोकसंगीत, सम्मान समारोह और बॉलीवुड गीतों के संगम के साथ तीन दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव का यादगार समापन होगा।
शिल्पग्राम में होंगी छत्तीसगढ़ की 10 सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
राज्योत्सव के अंतिम दिन शिल्पग्राम में भी दोपहर 3 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विशेष श्रृंखला शुरू होगी। यहां प्रदेश के विभिन्न जिलों के कलाकार पंथी नृत्य, आदिवासी लोकसंगीत, कथक, भजन, सूफी संगीत, लोकमंच और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।
रायपुर की आस्था भट्ट भजन गायन करेंगी, जबकि दुर्ग की आरती बारले पंथी नृत्य प्रस्तुत करेंगी। कबीरधाम के राकेश सेन लोकमंच के जरिए छत्तीसगढ़ की लोकपरंपराओं को जीवंत करेंगे। रायपुर के दिनेश कुमार जांगड़े पंथी नृत्य और पूर्णिमा साहू जसगीत एवं जगराता भजनों की प्रस्तुति देंगी।
आदिवासी लोकसंगीत, कथक और सूफी गायन भी होंगे आकर्षण
शिल्पग्राम में अभिषेक सोनकर की आदिवासी लोकसंगीत एवं नृत्य प्रस्तुति विशेष आकर्षण रहेगी। इसके माध्यम से छत्तीसगढ़ के जनजातीय समाज की पारंपरिक धुनों और सांस्कृतिक विरासत को मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा।
वहीं दीपाली पाण्डेय कथक समूह नृत्य प्रस्तुत करेंगी और अनुष्णा रॉय चौधरी की कथक प्रस्तुति शास्त्रीय नृत्य की सुंदरता से दर्शकों को परिचित कराएगी। वृद्धुमन वचस्पति भारती सूफी संगीत की प्रस्तुति देंगे, जबकि आनंदकुमार पाण्डेय की नाट्य प्रस्तुति भी कार्यक्रम का हिस्सा होगी।
स्थानीय कलाकारों को राष्ट्रीय मंच देने का प्रयास : मंत्री राजेश अग्रवाल
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश की कला, संस्कृति, लोकपरंपराओं और जनजातीय विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। राज्योत्सव छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान और गौरवशाली परंपराओं को व्यापक पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
उन्होंने कहा कि पंडवानी, पंथी, सुआ, करमा, लोकगीत और आदिवासी नृत्य छत्तीसगढ़ की विशिष्ट पहचान हैं। इन लोककलाओं में प्रदेश के जनजीवन, आस्था, इतिहास और सामाजिक मूल्यों की झलक मिलती है।
मंत्री ने कहा कि राज्योत्सव में राष्ट्रीय स्तर के प्रसिद्ध कलाकारों के साथ स्थानीय लोककलाकारों को भी प्रमुखता दी गई है। इससे स्थानीय कलाकारों का उत्साह बढ़ेगा और प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को देशभर में नई पहचान मिलेगी।
तीन दिनों में शिल्पग्राम में होंगी 30 सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
तीन दिवसीय राज्योत्सव के दौरान शिल्पग्राम में कुल 30 सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया जा रहा है। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ के विभिन्न अंचलों की लोककलाओं, जनजातीय परंपराओं, संगीत और नृत्य शैलियों को मंच प्रदान किया जा रहा है।
राज्योत्सव का समापन समारोह प्रदेश की सांस्कृतिक उपलब्धियों, गौरवशाली परंपराओं और प्रतिभाओं के सम्मान का विशेष अवसर बनेगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में राज्य अलंकरण समारोह, पद्मश्री उषा बारले की पंडवानी और अभिजीत भट्टाचार्य की संगीतमय प्रस्तुति इस आयोजन को यादगार बनाएगी। नवा रायपुर का राज्योत्सव मैदान 3 नवंबर को लोककला, संगीत और सांस्कृतिक एकता के रंगों से सराबोर होगा।
Chaupal Sandesh Team । SAFF Championship 2026 में भारतीय फुटबॉल टीम और मालदीव के बीच…
अंबिकापुर। Ganna Kisan. छत्तीसगढ़ में गन्ना उत्पादक किसानों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य…
रायपुर। छत्तीसगढ़ के सभी शासकीय और अशासकीय विद्यालयों में महान स्वतंत्रता सेनानी एवं जनजातीय नायक…
भोपाल। Madhya Pradesh News. मध्यप्रदेश के पांच संभागों में स्थित शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों में NAT (Nucleic…
रायपुर। Driver ka Hadtaal. देशभर के वाहन चालकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 12…
रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने शिक्षा का अधिकार (RTE) अधिनियम 2009 के…