चौपाल संदेश. रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के अंतिम दिन (03 नवंबर) नवा रायपुर स्थित राज्योत्सव मेला मैदान में संगीत, लोककला और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का शानदार संगम देखने को मिला। राज्योत्सव की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में बॉलीवुड के मशहूर पार्श्व गायक अभिजीत भट्टाचार्य, छत्तीसगढ़ी गायक सुनील सोनी और सुप्रसिद्ध लोक कलाकार उषा बारले ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। बॉलीवुड के सदाबहार नगमों से लेकर छत्तीसगढ़ी लोकगीतों और पंडवानी की लोकगाथाओं तक, हर प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति के साथ भारतीय शास्त्रीय संगीत और नृत्य की भी शानदार झलक देखने को मिली। वहीं शिल्प ग्राम मंच पर प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से लोकपरंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत किया।
राज्योत्सव की अंतिम सांस्कृतिक संध्या का प्रमुख आकर्षण बॉलीवुड के प्रसिद्ध पार्श्व गायक अभिजीत भट्टाचार्य रहे। उन्होंने अपने लोकप्रिय फिल्मी गीतों की प्रस्तुति देकर माहौल को संगीतमय बना दिया। अभिजीत ने ‘चांद तारे’, ‘बादशाह ओ बादशाह’, ‘बहुत खूबसूरत हो’ और ‘वादा रहा सनम’ जैसे लोकप्रिय गीत सुनाकर संगीत प्रेमियों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
उनकी सुरीली आवाज में बॉलीवुड के सदाबहार नगमों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। रोमांटिक गीतों और लोकप्रिय फिल्मी धुनों के बीच दर्शकों ने इस संगीतमय शाम का भरपूर आनंद लिया।
छत्तीसगढ़ी संगीत के लोकप्रिय गायक सुनील सोनी ने अपनी शानदार प्रस्तुति से राज्योत्सव के मंच को छत्तीसगढ़ी रंग में रंग दिया। उनके गीतों में प्रदेश की माटी से जुड़ाव, पारिवारिक रिश्तों, प्रेम और छत्तीसगढ़ी संस्कृति की झलक देखने को मिली।
उन्होंने ‘छैंया भुइंया ला छोड़ तैं’ गीत के माध्यम से छत्तीसगढ़ की धरती के प्रति प्रेम और अपनत्व का भाव प्रस्तुत किया। वहीं ‘झन भूलौ मां-बाप ला’ गीत के जरिए माता-पिता के प्रति सम्मान और उनके त्याग का संदेश दिया।
इसके अलावा ‘मीठ-मीठ लागे मया के बानी’ और छत्तीसगढ़ी फिल्म ‘हांडा’ के लोकप्रिय गीत ‘ए गोरी ओ गोरी’ की प्रस्तुति ने दर्शकों को खूब आनंदित किया।
सुप्रसिद्ध लोक कलाकार उषा बारले ने पंडवानी गायन की प्रस्तुति देकर छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोककला और महाभारत की लोकगाथाओं को मंच पर जीवंत कर दिया। उनकी प्रस्तुति में छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत और लोकपरंपरा की सुंदर झलक देखने को मिली।
पंडवानी की प्रभावशाली शैली ने दर्शकों को छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोककथात्मक परंपरा से रूबरू कराया।
शिल्प ग्राम मंच पर पंथी, कथक और सूफी संगीत की प्रस्तुतियां
राज्योत्सव के अंतिम दिन शिल्प ग्राम मंच पर भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। यहां भजन, पंथी नृत्य, लोकमंच, जसगीत-जगराता, आदिवासी लोक संगीत, कथक, सूफी संगीत और नाटक सहित कुल 10 सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की गईं।
रायपुर की आस्था भट्ट ने भजन गायन से भक्तिमय वातावरण बनाया। दुर्ग की आरती बारले और रायपुर के दिनेश कुमार जांगड़े के दलों ने पंथी नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को छत्तीसगढ़ की लोकनृत्य परंपरा से परिचित कराया।
कबीरधाम के राकेश सेन के नेतृत्व में लोकमंच की प्रस्तुति हुई, जबकि रायपुर की पूर्णिमा साहू ने जसगीत-जगराता के माध्यम से देवी आराधना की परंपरा को स्वर दिया। अभिषेक सोनकर के दल ने आदिवासी लोक संगीत एवं नृत्य की प्रस्तुति देकर जनजातीय संस्कृति के रंग बिखेरे।
भारतीय शास्त्रीय नृत्य की खूबसूरत प्रस्तुतियों में दीपाली पाण्डेय के दल ने कथक समूह नृत्य और अनुष्णा रॉय चौधरी ने कथक नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं वृधुमन वचस्पति भारती ने सूफी संगीत की प्रस्तुति दी। आनंदकुमार पाण्डेय के दल ने नाटक के जरिए रंगमंचीय कला का प्रदर्शन किया।
लोकसंस्कृति और आधुनिक संगीत के संगम के साथ हुआ राज्योत्सव का समापन
छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 की अंतिम सांस्कृतिक संध्या ने प्रदेश की कला, संगीत और लोकपरंपराओं की विविधता को एक मंच पर प्रस्तुत किया। बॉलीवुड संगीत से लेकर छत्तीसगढ़ी लोकगीत, पंडवानी, पंथी नृत्य, कथक और सूफी संगीत तक की प्रस्तुतियों ने आयोजन को यादगार बना दिया।
रायपुर। Raipur crime news. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में दीपावली पर्व के दौरान लक्ष्मी पूजन…
पटना। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष…
Chaupal Sandesh. रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है। रात के तापमान…
Report by, चौपाल संदेश टीम । PAK vs SL . पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच…
रायपुर। दीपावली के पावन पर्व पर छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने संवेदनशीलता…
छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले जगदलपुर के करनपुर स्थित सीआरपीएफ कैंप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का…