बगिया/रायपुर। सीएम साय ने सदस्यता अभियान के तहत स्थानीय निवासियों को पार्टी की सदस्यता दिलाई और अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है, जिसके 18 करोड़ सदस्य हैं। ऐसे में पार्टी द्वारा हर 6 साल में संगठन पर्व सदस्यता अभियान और मोर बूथ – मोर अभियान के तहत सदस्यों के नवीनीकरण का कार्य, पार्टी के अंत्योदय के लक्ष्य और पूरी पारदर्शिता के साथ कार्य करने की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करता है।
सीएम 100 सदस्यों को जोड़ने गांव पहुंचे
“हर बूथ में जाएंगे, 100 सदस्य बनाएँगे” का आह्वान करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि आज उन्हें झारखंड भी जाना है, लेकिन पार्टी के निर्देश पर मोर बूथ- मोर अभियान के तहत सबसे पहले अपने बूथ में 100 सदस्यों को जोड़ने वे अपने गांव आए हैं। इसके अंतर्गत प्रधानमंत्री, राष्ट्रीय अध्यक्ष, मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, सांसद, विधायक सबको अपने बूथ में 100 सदस्य बनाना है।
50 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य
विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ भाजपा को 50 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य मिला है, जिसके तहत अभी 19 लाख सदस्य बनना हर्ष का विषय है। उन्होंने जशपुर जिला भाजपा के पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि जशपुर जिले में अभी तक 40 हजार लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है, जिसका मैं स्वागत करता हूँ। आगामी दिनों में जिले में डेढ़ लाख सदस्य बनाने के लक्ष्य को पार्टी जरूर पूरा करेगी।
