Spread the love

पटना: बिहार के उप–मुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को पुलिस मुख्यालय सरदार पटेल भवन में क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क सिस्टम्स (सीसीटीएनएस) के तहत नागरिक सेवा पोर्टल का शुभारंभ किया। यह पोर्टल राज्य के आम नागरिकों को पुलिस सेवाओं से तेज, पारदर्शी और डिजिटल माध्यम से सीधे तौर पर जोड़ेगा।

शुभारंभ कार्यक्रम के उपरांत गृह मंत्री की अध्यक्षता में पुलिस मुख्यालय के विभिन्न प्रभागों आर्थिक अपराध इकाई, साइबर अपराध प्रभाग, बिहार इमरजेंसी रिस्पॉन्स सपोर्ट सिस्टम (ईआरएसएस) तथा गृह विभाग के अंतर्गत अभियोजन निदेशालय, कारा एवं सुधार सेवा और प्रोबेशन सेवा की कार्यप्रणाली, उपलब्धियों तथा आगामी कार्ययोजनाओं पर विस्तृत प्रस्तुति दी गई।

अभियोजन निदेशालय के विशेष सचिव सह निदेशक श्री सुधांशु कुमार चौबे ने पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से अभियोजन निदेशालय की विभागीय प्रगति की जानकारी दी। इसके पश्चात गृह सचिव सह कारा महानिरीक्षक श्री प्रणव कुमार की तरफ से उप मुख्यमंत्री सह गृह मंत्री के समक्ष कारा एवं सुधार सेवा तथा प्रोबेशन सेवा से संबंधित विभागीय प्रगति और भविष्योन्मुखी योजनाओं की विस्तृत प्रस्तुति दी गई।

बैठक में माननीय उप मुख्य (गृह) मंत्री सम्राट चौधरी ने सभी प्रभागों और निदेशालयों की समीक्षा करते हुए राज्य की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने हेतु आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय कार्यों में अधिक पारदर्शिता, जवाबदेही और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने यह भी कहा कि डिजिटल सेवाओं के विस्तार से न केवल आम जनता को सुविधा होगी, बल्कि अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को भी अधिक प्रभावी ढंग से लागू किया जा सकेगा।