Chaupal Sandesh, पटना। पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने शनिवार (22 नवम्बर) को विभाग में कामकाज शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि जिला परिषद की संपत्ति को चिह्नित कर उन्हें विकसित किया जाएगा, जिससे विभाग की आय में वृद्धि हो और स्थानीय स्तर पर युवाओं को रोजगार मिल सके। कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर योजनाओं के अनुश्रवण हेतु एक कमेटी का गठन किया जाएगा, जिसमें राजनीतिक दल के सदस्य शामिल होंगे। मंत्री ने विभाग की संरचना एवं कार्यप्रणाली को समझा। पदाधिकारियों एवं कर्मियों से मुलाकात कर उनके दायित्वों के बारे में जानकारी ली। विभाग की संरचना एवं कार्यप्रणाली को पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। साथ ही पंचायती राज विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। मंत्री ने विभागीय पदाधिकारियों के साथ कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि निगरानी के लिए कमेटी का गठन होने से योजनाओं के क्रियान्वयन की पारदर्शिता बढ़ेगी।
विभाग में पदभार ग्रहण करने के बाद शनिवार को सीएम आवास एक अणे मार्ग में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात करते पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश।
