Spread the love

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आज मंगलवार को हुए आतंकी हमले के बाद पूरे इलाके में सेना और सुरक्षाबलों ने बड़ा सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। सेना ने श्रीनगर में एक आपातकालीन कंट्रोल रूम (नियंत्रण कक्ष) स्थापित किया है, जिससे पीड़ितों और उनके परिजनों की मदद की जा सके।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “मैं पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा करता हूं। जिन लोगों ने अपनों को खोया है, उनके साथ मेरी पूरी संवेदना है। घायलों के जल्दी ठीक होने की प्रार्थना करता हूं। सभी प्रभावितों को हर तरह की मदद दी जा रही है।” उन्होंने आगे कहा, “इस जघन्य अपराध में जो भी शामिल है, उसे सजा जरूर मिलेगी। आतंकियों का नापाक इरादा कभी सफल नहीं होगा। आतंकवाद से लड़ने का हमारा संकल्प और भी मजबूत हो गया है।”

इस हमले के बाद भारतीय सेना के उत्तरी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल एम.वी. सुचिन्द्र कुमार दिल्ली से तुरंत श्रीनगर रवाना हो गए हैं। वे दिल्ली में एक कॉन्फ्रेंस में शामिल होने आए थे, लेकिन हमला होते ही वापस लौट गए ताकि हालात का जायजा ले सकें और ऑपरेशन की निगरानी कर सकें।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस हमले को लेकर भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी से बात की और पहलगाम में स्थिति की जानकारी ली। इसके साथ ही, सेना, सीआरपीएफ, जम्मू-कश्मीर पुलिस और क्विक रिएक्शन टीमों ने पहलगाम के संवेदनशील इलाकों को घेर लिया है। हेलिकॉप्टर से भी लगातार निगरानी की जा रही है ताकि आतंकी कहीं छिप न पाएं। हमले के तुरंत बाद सुरक्षाबलों ने घटनास्थल पर पहुंचकर सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया।

कंट्रोल रूम से संपर्क करने के लिए दो हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं: 0194-2457543 और 0194-2483651। इसके अलावा श्रीनगर के एडीसी आदिल फरीद से 7006058623 पर सीधे संपर्क किया जा सकता है।