रायपुर। All India Telugu Conference 2026 News. राजधानी रायपुर के देवेन्द्र नगर स्थित श्री बालाजी विद्या मंदिर में आयोजित 11वें ऑल इंडिया तेलुगु कॉन्फ्रेंस-2026 में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ के विकास में तेलुगु समाज के योगदान की जमकर सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि तेलुगु समाज ने व्यापार, शिक्षा, उद्योग और सामाजिक क्षेत्रों में अपनी मेहनत, प्रतिभा और उद्यमशीलता से प्रदेश की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
पांच दशकों से संस्कृति और एकता को सहेज रहा तेलुगु समाज
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ और तेलुगु समाज के बीच दशकों पुराना आत्मीय संबंध रहा है। समाज के लोगों ने अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं को सहेजते हुए छत्तीसगढ़ को अपनी कर्मभूमि बनाया है। प्रदेश के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक जीवन में उनकी सक्रिय भागीदारी विविधता में एकता की भावना को मजबूत करती है।
उन्होंने छत्तीसगढ़ में आंध्रा एसोसिएशन की 50 वर्षों की गौरवशाली यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि यह सफर केवल एक संगठन की उपलब्धि नहीं, बल्कि सामाजिक एकजुटता, सांस्कृतिक संरक्षण और सेवा भावना का प्रेरणादायी उदाहरण है। एसोसिएशन ने नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़े रखने में भी अहम भूमिका निभाई है।
भिलाई स्टील प्लांट में भी तेलुगु समाज का योगदान
मुख्यमंत्री ने कहा कि तेलुगु समाज के लोग मेहनत, अनुशासन और उद्यमशीलता के लिए पहचाने जाते हैं। भिलाई स्टील प्लांट जैसे प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थान में भी तेलुगु समाज से जुड़े इंजीनियरों, प्रबंधकों और तकनीकी विशेषज्ञों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इससे प्रदेश के औद्योगिक विकास को मजबूती मिली है।
रायपुर से विशाखापत्तनम तक सड़क संपर्क से बढ़ेंगी संभावनाएं
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश के बीच बेहतर सड़क संपर्क दोनों राज्यों के विकास की नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा। भारतमाला परियोजना के तहत रायपुर से विशाखापत्तनम तक विकसित हो रहे सड़क मार्ग से यात्रा का समय और दूरी कम होगी। साथ ही माल परिवहन, व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
सम्मेलन में आंध्र प्रदेश के बैरमपुर से आए रिंग डांस समूह, श्री बालाजी विद्या मंदिर के विद्यार्थियों और अन्य कलाकारों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक नृत्य और संगीत के माध्यम से तेलुगु समाज की समृद्ध लोककला एवं गौरवशाली परंपराओं की मनमोहक झलक देखने को मिली।
मुख्यमंत्री ने सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए आंध्रा एसोसिएशन के पदाधिकारियों और समाज के सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे, छत्तीसगढ़ स्टेट बेवरेजेस कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष श्रीनिवास मद्दी, रायपुर आंध्रा एसोसिएशन के अध्यक्ष जी. स्वामी, आर. सुब्बा राव, श्रीनिवास पटनायक सहित एसोसिएशन के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में तेलुगु समाज के सदस्य उपस्थित रहे।

