जशपुर। Jashpur News. छत्तीसगढ़ के जनजातीय अंचलों में पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में जशपुर जिले ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। जिले के पांच आदिवासी युवाओं का अमेरिका की प्रतिष्ठित संस्था प्रोफेशनल क्लाइंबिंग गाइड्स इंस्टीट्यूट (PCGI) के अंतरराष्ट्रीय रॉक क्लाइंबिंग गाइड प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए चयन हुआ है। दिसंबर 2026 में बेंगलुरु में होने वाले इस प्रशिक्षण से जशपुर को साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलने की उम्मीद है।

इन पांच युवाओं को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण

अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण के लिए चयनित युवाओं में तेजल भगत, रुसनाथ भगत, सचिन कुजूर, प्रतीक नायक और रवि सिंह शामिल हैं। इन युवाओं को रॉक क्लाइंबिंग की आधुनिक तकनीक, सुरक्षा मानकों, जोखिम प्रबंधन और पेशेवर गाइडिंग का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

प्रशिक्षण और मूल्यांकन सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद चार युवाओं को PCGI लेवल-1 और एक युवा को उन्नत लेवल-2 प्रमाणन मिलने की उम्मीद है। यह प्रशिक्षण भारत के प्रमुख रॉक क्लाइंबिंग आयोजनों में शामिल एक आयोजन के साथ कराया जाएगा।

मध्य भारत का पहला अंतरराष्ट्रीय प्रमाणित गाइडों वाला पर्यटन केंद्र बनने की तैयारी

इस पहल के सफल होने पर जशपुर मध्य भारत का पहला ऐसा पर्यटन स्थल बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा, जहां अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रमाणित रॉक क्लाइंबिंग गाइडों की समर्पित टीम उपलब्ध होगी। इससे जिले में साहसिक पर्यटन गतिविधियों का विस्तार होगा और पर्यटकों को प्रशिक्षित गाइडों की सेवाएं मिल सकेंगी।

हिमालय की 5,340 मीटर ऊंची चोटी पर बनाया ‘विष्णु देव रूट’

जशपुर के इन युवाओं ने पर्वतारोहण के क्षेत्र में पहले भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। वर्ष 2025 में ट्राइबल हिमालयन एक्सपीडिशन के दौरान टीम ने हिमाचल प्रदेश की पीर पंजाल पर्वत श्रृंखला में स्थित 5,340 मीटर ऊंचे जगत्सुख-1 शिखर पर सफल आरोहण किया था।

इस अभियान में युवाओं ने एक नया चढ़ाई मार्ग तैयार किया, जिसका नाम मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सम्मान में ‘विष्णु देव रूट’ रखा गया। इस उपलब्धि से जशपुर के युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली। अभियान में 15 से अधिक प्रायोजकों का सहयोग भी प्राप्त हुआ था।

2024 में शुरू हुई थी साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने की पहल

जशपुर में साहसिक पर्यटन के विकास और स्थानीय आदिवासी युवाओं को प्रशिक्षित करने की पहल वर्ष 2024 की शुरुआत में तत्कालीन कलेक्टर डॉ. रवि मित्तल के नेतृत्व में शुरू की गई थी। इसका उद्देश्य स्थानीय युवाओं की प्रतिभा को निखारना और पर्यटन के माध्यम से रोजगार के नए अवसर तैयार करना था।

इस पहल को आगे बढ़ाने में छत्तीसगढ़ की माउंटेन गाइडिंग एवं आउटडोर प्रशिक्षण संस्था ‘पहाड़ी बकरा एडवेंचर’ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संस्था ने युवाओं को रॉक क्लाइंबिंग और पर्वतारोहण का प्रारंभिक प्रशिक्षण दिया। निरंतर अभ्यास और मार्गदर्शन से इन युवाओं ने अपनी तकनीकी दक्षता विकसित की।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जताई प्रसन्नता

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पांचों युवाओं के अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण के लिए चयन पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गाइड प्रमाणन की सुविधा उपलब्ध होने से जशपुर साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है।

मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार जनजातीय क्षेत्रों की प्राकृतिक संपदा, स्थानीय प्रतिभाओं और पर्यटन की संभावनाओं को स्थायी आजीविका के अवसरों से जोड़ने की दिशा में काम कर रही है।

साहसिक पर्यटन से स्थानीय युवाओं को मिलेगा रोजगार

जशपुर की पहाड़ियां, चट्टानी क्षेत्र, प्राकृतिक सुंदरता और समृद्ध जनजातीय संस्कृति पर्यटन के लिहाज से विशेष महत्व रखते हैं। रॉक क्लाइंबिंग के अलावा यहां मोटरबाइक अभियान, कृषि पर्यटन, होमस्टे और जनजातीय संस्कृति से जुड़े पर्यटन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद स्थानीय युवा गाइड, प्रशिक्षक और पर्यटन उद्यमी के रूप में अपनी सेवाएं दे सकेंगे। इससे उन्हें दूसरे शहरों में रोजगार तलाशने के बजाय अपने ही जिले में आजीविका के अवसर मिल सकते हैं।

Avatar photo

By Ali Ahmad

लेखक के बारे में : अली अहमद - चौपाल संदेश के संपादक है ।
'चौपाल संदेश' के संपादक के रूप में जन-सरोकार, राजनीति और समसामयिक विषयों पर निष्पक्ष एवं सटीक पत्रकारिता का अनुभव। समाज के हर वर्ग से जुड़ी अहम ख़बरों और ज़मीनी मुद्दों को पाठकों तक पहुँचाना ही मुख्य ध्येय है।
ग्राउंड रिपोर्टिंग, राजनीतिक विश्लेषण और सामाजिक-आर्थिक मुद्दों पर निष्पक्ष विचार व सटीक ख़बरों के लिए प्रतिबद्ध।