रायपुर। रायपुर में सूने मकान में चोरी का मामला सामने आया है। बता दे कि राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में सूने मकान में चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा किया है। परिवार के साथ बाहर गए डॉक्टर के घर को निशाना बनाकर चोर ने अलमारी का लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नगदी रकम चोरी कर ली थी। मामले में तेलीबांधा पुलिस ने आरोपी श्याम सोना (22) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी डॉ. स्नेहिल दीवान ने थाना तेलीबांधा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 18 नवंबर 2026 को वह अपने परिवार के साथ वाराणसी गए हुए थे। इस दौरान उन्होंने घर में ताला लगा दिया था। 20 नवंबर को वापस लौटने पर घर के अंदर चोरी होने का पता चला। घर के बाहरी गेट का ताला लगा हुआ था, लेकिन अंदर के मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर अलमारी का लॉकर तोड़कर सोने की चेन, चांदी के बेलपत्र, नगदी रकम और अन्य सामान चोरी कर लिया गया था।
प्रार्थी की शिकायत पर तेलीबांधा थाना में अपराध क्रमांक 527/2026 के तहत धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
छत की सीढ़ी के पास छिपाकर रखा था चोरी का सामान
पुलिस ने संदेह के आधार पर श्याम सोना निवासी मौलीपारा थाना तेलीबांधा, रायपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उसने चोरी किए गए सामान को घर की छत पर सीढ़ी के पास छिपाकर रखना बताया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने सोने की चेन, चांदी के 12 बेलपत्र, 89 हजार 495 रुपये नगद और सब्जी काटने वाला चाकू बरामद कर जब्त किया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी श्याम सोना, उम्र 22 वर्ष, मौलीपारा, थाना तेलीबांधा, रायपुर का निवासी है।
