रायपुर। Raipur. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। थाना तेलीबांधा क्षेत्र के सुभाष नगर देवारपारा में गांजे की खरीदी-बिक्री और नशे से जुड़ी अवैध गतिविधियों की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर दबिश दी। इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए गए 26 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार, सुभाष नगर देवारपारा क्षेत्र में गांजे की खरीदी-बिक्री और नशे के अवैध कारोबार को लेकर पुलिस को लगातार शिकायतें एवं सूचनाएं मिल रही थीं। क्षेत्र में ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से 15 नवंबर 2026 को विशेष अभियान चलाया गया।
इस अभियान के तहत थाना तेलीबांधा पुलिस ने एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और थाना स्टाफ के सहयोग से क्षेत्र में सघन दबिश दी। पुलिस टीम ने संदिग्ध गतिविधियों में शामिल पाए गए कुल 26 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की।
नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस की सख्त चेतावनी
रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार और नशे से जुड़ी गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे अवैध कार्यों में संलिप्त व्यक्तियों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी और उनके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
