पटना: Bihar. बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मधुबनी पथ प्रमंडल में तैनात कार्यपालक अभियंता रितेश चंद्र सिन्हा को 5 लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद उनके आवास पर की गई तलाशी में 6 लाख 11 हजार 900 रुपये नकद बरामद हुए। वहीं, 12 बैंक खातों में 52 लाख 92 हजार 270 रुपये जमा होने की जानकारी मिली है। इसके अलावा जमीन के दस्तावेज, बीमा पॉलिसी और सोने-चांदी के जेवरात भी मिले हैं।
6.50 करोड़ के भुगतान के बदले मांगी थी 19.50 लाख की रिश्वत
निगरानी ब्यूरो के अनुसार, कार्यपालक अभियंता रितेश चंद्र सिन्हा पर मधुबनी पथ प्रमंडल के अंतर्गत किए गए कार्यों की बकाया राशि 6.50 करोड़ रुपये का भुगतान करने के एवज में 3 प्रतिशत कमीशन के हिसाब से 19 लाख 50 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप है। इसमें तत्काल एडवांस के रूप में 5 लाख रुपये मांगे गए थे।
इस मामले में रोहतास जिले के डेहरी ऑन सोन निवासी अरुण कुमार सिंह ने निगरानी ब्यूरो से शिकायत की थी। शिकायत का सत्यापन करने पर आरोप सही पाए गए, जिसके बाद विशेष टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई की।
खिड़की से बाहर फेंक दी रिश्वत की रकम
सोमवार को मधुबनी स्थित फ्लैट में जब कार्यपालक अभियंता रिश्वत की रकम ले रहे थे, तभी निगरानी ब्यूरो की टीम ने उन्हें पकड़ लिया। टीम की मौजूदगी का अहसास होते ही उन्होंने 5 लाख रुपये खिड़की से बाहर फेंक दिए। हालांकि, निगरानी टीम ने तत्काल रकम बरामद कर ली और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
12 बैंक खातों में मिले 52.92 लाख रुपये
गिरफ्तारी के बाद आवास की तलाशी में 6 लाख 11 हजार 900 रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा 12 बैंक खातों में कुल 52 लाख 92 हजार 270 रुपये जमा पाए गए। एक बैंक लॉकर से संबंधित दस्तावेज भी मिले हैं। निगरानी ब्यूरो इन बैंक खातों और लॉकर को फ्रीज कराने की प्रक्रिया में जुटा है।
जमीन, बीमा पॉलिसी और लाखों के जेवरात भी मिले
तलाशी के दौरान पटना में जमीन की रजिस्ट्री और सेल डीड से जुड़े कई दस्तावेज मिले हैं। उनकी पत्नी शिखा अनुग्रह के नाम पर श्री अणु आनंद कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड से संबंधित 5.40 लाख और 1.01 लाख रुपये की दो रसीदें भी बरामद हुई हैं।
इसके अलावा 9 बीमा पॉलिसियों के दस्तावेज मिले हैं, जिनके प्रीमियम भुगतान की जांच की जा रही है। आवास से सोने-चांदी के जेवरात और उनकी खरीद की रसीदें भी बरामद हुई हैं। शुरुआती आकलन में जेवरात की कीमत करीब 16 लाख 19 हजार रुपये बताई गई है। इनका आधिकारिक मूल्यांकन कराने के लिए न्यायालय से अनुमति मांगी जाएगी। एक स्कूटी भी बरामद हुई है।
जल्द दाखिल होगा आरोप पत्र
निगरानी ब्यूरो के महानिदेशक जितेंद्र सिंह गंगवार ने बताया कि मामले का अनुसंधान जल्द पूरा कर आरोप पत्र दाखिल किया जाएगा। साथ ही त्वरित विचारण कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस मामले में अधिकतम 7 वर्ष की सजा का प्रावधान है। शिकायतकर्ता द्वारा रिश्वत के रूप में दी गई 5 लाख रुपये की राशि भी जल्द वापस कराई जाएगी।
निगरानी ब्यूरो के मुताबिक, आवास की तलाशी और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की जांच अभी जारी है। जांच पूरी होने के बाद अभियंता की कथित अवैध संपत्ति का पूरा विवरण सामने आ सकेगा।
