रायपुर: देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज (22 अक्टूबर) रायपुर के लोकभवन के अंदर छत्तीसगढ़ मण्डपम में आयोजित एक गरिमामयी और ऐतिहासिक समारोह में पूज्य माता हासी देवी जी के सम्मान में 200 रुपये का विशेष स्मारक सिक्का जारी किया। इस राष्ट्रीय स्तर के महत्वपूर्ण अवसर पर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय विशेष रूप से उपस्थित रहे। यह विशेष आयोजन पूज्य शदाणी दरबार रायपुर की पंचम (5वीं) पीठाधीश माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती के उपलक्ष में वित्त मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संपन्न हुआ।
सिंधी विभूति के सम्मान में स्मारक सिक्के का जारी होना देश-विदेश में बसे करोड़ों सिंधी समुदाय के अनुयायियों और देशवासियों के लिए अत्यंत गौरव का विषय है। सिक्के की विशेषता और स्वरूपभारत सरकार द्वारा जारी इस विशेष स्मारक सिक्के के एक तरफ अशोक स्तंभ का सिंह शीर्ष और ‘सत्यमेव जयते’ के साथ 200 रुपये का मूल्यवर्ग अंकित है, जबकि दूसरी तरफ पूज्य माता हासी देवी जी की अलौकिक छवि और उनका नाम देवनागरी तथा अंग्रेजी दोनों लिपियों में उकेरा गया है। इस स्मारक सिक्के के माध्यम से उनके महान जीवन, दार्शनिक विचारों और अद्वितीय आध्यात्मिक योगदान को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने का अनूठा प्रयास किया गया है।
अनावरण के बाद श्रद्धालु और सिक्का संग्राहक इसे शदाणी दरबार की विभिन्न इकाइयों के माध्यम से बुक कर सकेंगे। संतों और गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति कार्यक्रम का शुभारंभ पूज्य शदाणी दरबार रायपुर के वर्तमान पीठाधीश संत डॉ. युधिष्ठिर लाल जी के स्वागत उद्बोधन के साथ हुआ। इस अवसर पर राज्य की प्रथम महिला श्रीमती रानी डेका काकोटी, सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, विधायकगण श्री पुरंदर मिश्रा, श्री सुनील सोनी, श्री मोतीलाल साहू, मुख्य सचिव श्री विकासशील, पुलिस महानिदेशक श्री अरूण देव गौतम, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा शदाणी दरबार के सदस्य तथा देशभर से पहुंचे जनप्रतिनिधि और सिंधी समाज के तमाम गणमान्य प्रतिनिधि इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने।

