रायपुर। राजधानी रायपुर में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने पुरैना तालाब के पास बटनदार धारदार चाकू लेकर घूम रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान भूपेंद्र कुमार ध्रुव (31 वर्ष), निवासी अमलीडीह, रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से लोहे का बटनदार चाकू बरामद कर जब्त किया है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 21 अक्टूबर 2026 को न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पुरैना तालाब के पास एक व्यक्ति अपने पास बटनदार धारदार चाकू रखकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम भूपेंद्र कुमार ध्रुव, पिता जवाहर ध्रुव, निवासी अमलीडीह, थाना न्यू राजेंद्र नगर, जिला रायपुर बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से लोहे का बटनदार चाकू बरामद हुआ। चाकू के एक तरफ धारदार नुकीला हिस्सा और दूसरी तरफ कटरनुमा हिस्सा था। पुलिस ने चाकू को विधिवत जब्त कर लिया।
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना न्यू राजेंद्र नगर में अपराध क्रमांक 372/2026 के तहत धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट में अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की है।
हत्या के प्रयास के पुराने मामले में स्थायी वारंट
जांच के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि आरोपी के खिलाफ वर्ष 2016 में तेलीबांधा थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज हुआ था। पुलिस के अनुसार, इस पुराने प्रकरण में आरोपी के विरुद्ध न्यायालय द्वारा स्थायी वारंट जारी किया गया है। इस मामले में भी उसकी गिरफ्तारी के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
पुलिस उपायुक्त पश्चिम जोन रॉबिन्सन गुड़िया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पश्चिम जोन राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन तथा सहायक पुलिस आयुक्त न्यू राजेंद्र नगर के नेतृत्व में क्षेत्र में अवैध हथियार रखने और असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
