रिपोर्ट – चौपाल संदेश टीम, रायपुर : छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी ‘श्री रामलला दर्शन योजना’ प्रदेश के श्रद्धालुओं की आस्था और धार्मिक आकांक्षाओं को साकार करने का एक मजबूत माध्यम बन गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित इस योजना के तहत आज बिलासपुर रेलवे स्टेशन से बिलासपुर संभाग के विभिन्न जिलों के 850 श्रद्धालुओं को लेकर एक विशेष ट्रेन अयोध्या धाम के लिए रवाना हुई।
श्रद्धा, भक्ति और उल्लास से परिपूर्ण वातावरण में तीर्थयात्रियों ने भगवान श्रीराम के जयकारों के साथ अपनी इस पवित्र यात्रा का शुभारंभ किया। इस विशेष यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को न केवल अयोध्या धाम में प्रभु श्री रामलला के भव्य दर्शन का सौभाग्य मिलेगा, बल्कि वे वाराणसी जाकर बाबा काशी विश्वनाथ के भी दर्शन कर सकेंगे।
भव्य विदाई और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति
बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित विशेष विदाई कार्यक्रम में जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, बिल्हा विधायक श्री धरमलाल कौशिक, तथा जिला पंचायत बिलासपुर के अध्यक्षराजेश सूर्यवंशी सहित कई प्रमुख जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर विशेष ट्रेन को रवाना किया और तीर्थयात्रियों को उनकी मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर जिला प्रशासन, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड, रेलवे और आईआरसीटीसी (IRCTC) के अधिकारी-कर्मचारी भी पूरी मुस्तैदी के साथ उपस्थित रहे। स्टेशन पर श्रद्धालुओं के चेहरे पर प्रभु राम के दर्शन की खुशी और अभूतपूर्व उत्साह साफ झलक रहा था।
छत्तीसगढ़ से अयोध्या का है गहरा नाता: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का स्पष्ट विजन है कि प्रदेशवासियों को उनकी धार्मिक आस्था से जुड़े प्रमुख तीर्थस्थलों के दर्शन का सुलभ अवसर मिले। छत्तीसगढ़ को भगवान श्रीराम का ननिहाल माना जाता है, यही कारण है कि यहाँ की संस्कृति, लोकजीवन और जनआस्था का भगवान राम से अत्यंत गहरा और आत्मीय संबंध है। राज्य सरकार की इस पहल से प्रदेश के नागरिकों की वर्षों पुरानी धार्मिक अभिलाषा पूरी हो रही है।
सांस्कृतिक और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के मार्गदर्शन में धार्मिक पर्यटन को लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है। ‘श्री रामलला दर्शन योजना’ के माध्यम से न केवल प्रदेशवासियों की आस्था का सम्मान हो रहा है, बल्कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपराएं भी और अधिक सुदृढ़ हो रही हैं। विशेष रेलगाड़ियों के माध्यम से चलाई जा रही यह यात्राएं लोगों को देश की महान विरासत से जोड़ने का काम कर रही हैं।
एक यात्रा, दो पावन धाम के दर्शन
बिलासपुर संभाग से रवाना हुए इन 850 श्रद्धालुओं के लिए यह सफर आध्यात्मिक रूप से बेहद खास है।
अयोध्या धाम: जहां श्रद्धालु भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर में विराजमान रामलला के दर्शन करेंगे।
काशी (वाराणसी): सनातन धर्म की पावन नगरी काशी में बाबा काशी विश्वनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
