Spread the love

रायपुर। राजधानी में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरी, ऑनलाइन ठगी, मारपीट, वाहन चोरी, अवैध हथियार और मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार 16 सितंबर की शाम से 17 सितंबर की देर रात तक विभिन्न थाना क्षेत्रों में कई अपराध दर्ज किए गए।

मोवा में मकान का ताला तोडक़र जेवर और नकदी चोरी

मोवा थाना क्षेत्र के आदर्श नगर में अज्ञात चोर ने एक सूने मकान का ताला तोडक़र कमरे में रखी आलमारी से सोने-चांदी के जेवर और एक लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है। मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की है।

क्रेडिट कार्ड इंश्योरेंस के नाम पर 64 हजार की ठगी

सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। डगनिया स्थित सीएसपीडीसीएल कार्यालय से संबंधित शिकायत में आरोप है कि अज्ञात मोबाइल धारक ने क्रेडिट कार्ड इंश्योरेंस के नाम पर अलग से चार्ज लगने की बात कही और वाट्सऐप के जरिए ऑनलाइन एपीके भेजकर मोबाइल हैक कर लिया। इसके बाद क्रेडिट कार्ड से 64 हजार रुपये निकाल लिए गए।

आईटीएमएस कैमरों की केबल चोरी

कोतवाली थाना क्षेत्र के कालीबाड़ी चौक में आईटीएमएस कैमरों की केबल चोरी की शिकायत दर्ज हुई है। शिकायत के अनुसार अलग-अलग तीन स्थानों पर लगे कैमरों की करीब 30 हजार रुपये कीमत की केबल अज्ञात चोर ले गए।

खम्हारडीह में विवाद के बाद मारपीट

खम्हारडीह के विजय नगर गली नंबर-6 में गणेश पंडाल के पास गाली-गलौज को लेकर विवाद हुआ। शिकायत के मुताबिक मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्के तथा नुकीली वस्तु से हमला कर चोट पहुंचाई। इसी क्षेत्र में एक अन्य मामले में पिता से विवाद करने से रोकने पर महिला और उसकी बहन के साथ मारपीट व धमकी देने की शिकायत दर्ज की गई।

सरौना में तीन युवकों ने मोबाइल और नकदी झपटी

दीनदयाल उपाध्याय नगर थाना क्षेत्र में रहेजा रेसिडेंसी के पास तीन अज्ञात युवकों ने एक व्यक्ति की शर्ट की जेब से मोबाइल फोन और पर्स झपट लिया। पर्स में 10 हजार रुपये नकद और दस्तावेज थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है।

चंगोराभाठा में पारिवारिक विवाद में मारपीट

शीतला मंदिर के पास चंगोराभाठा में कचरा फेंकने की बात को लेकर विवाद हुआ। पुलिस ने मारपीट और धमकी के दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। शिकायतों में हाथ-मुक्के से मारपीट कर चोट पहुंचाने का आरोप लगाया गया है।

आमानाका में बाइक चोरी

उद्या सोसाइटी आमानाका से अज्ञात चोर ने स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी कर ली। वाहन की कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई गई है।

अवैध चाकू रखने वालों पर कार्रवाई

रायपुर पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अवैध रूप से चाकू रखने और लोगों को आतंकित करने के मामलों में भी कार्रवाई की। मुजगहन के धसैरा मोड़ से एक युवक को चाकू के साथ पकड़ा गया। टिकरापारा के संतोषी नगर श्रीराम मैदान से भी चाकू लेकर लोगों को आतंकित करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। मोवा क्षेत्र में दलदल सिवनी में दो अलग-अलग मामलों में आरोपियों के कब्जे से अवैध चाकू जब्त किए गए। देवेंद्रनगर पुलिस ने भी फोकटपारा और सेक्टर-1 स्थित श्रीनय अस्पताल के पास चाकू लेकर घूम रहे दो युवकों को पकड़ा। इन मामलों में आम्र्स एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

15.5 किलो गांजा जब्त, 7.75 लाख का मादक पदार्थ बरामद

मुजगहन थाना पुलिस ने खिलौरा चौक, पुराना धमतरी रोड के पास कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी के ट्रॉली बैग से 15 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 7 लाख 75 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ नारकोटिक्स अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
वहीं सरस्वती नगर थाना क्षेत्र के वाटिका नगर, कोटा में पुलिस ने एक आरोपी और उसके दो साथियों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार कार्टून में रखी प्रतिबंधित नशीली सिरप की 77 बोतलें और नाइट्रोजन नशीली गोलियों की 900 नग बरामद की गईं। जब्त सामग्री की कीमत करीब 1.80 लाख रुपये बताई गई है।

ऑनलाइन सट्टे पर भी कार्रवाई

खमतराई थाना पुलिस ने ओवरब्रिज के नीचे ऑनलाइन सट्टा खिलाने के आरोप में एक व्यक्ति को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक उसके कब्जे से ऑनलाइन सट्टा संचालित करने में इस्तेमाल मोबाइल फोन और 15 हजार रुपये नकद जब्त किए गए। आरोपी के खिलाफ सट्टा अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।