Spread the love

Raipur News। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की पुण्यतिथि के अवसर पर छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा शराब दुकानें खोले जाने के निर्णय के विरोध में आज शहर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा लाखेनगर,तत्यापारा,ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र की शराब दुकान के सामने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया।

इस अवसर पर कांग्रेस नेताओ ने हाथों में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की तस्वीर लेकर रघुपति राघव राजा राम भजन का सामूहिक गायन कर सरकार के निर्णय के प्रति अपना विरोध दर्ज कराया। काँग्रेस नेताओ ने कहा कि अहिंसा, सत्य और नैतिकता के पुजारी महात्मा गांधी की पुण्यतिथि जैसे पवित्र दिवस पर शराब दुकान खोलना सरकार की संवेदनहीनता और गांधीवादी मूल्यों का अपमान है।

प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से शराब दुकान के बोर्ड पर कालीक पोतकर उसे जलाया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि सरकार तत्काल इस निर्णय को वापस ले और महापुरुषों की स्मृति व जनभावनाओं का सम्मान करे।

शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार ने भविष्य में भी ऐसे जनविरोधी और असंवेदनशील निर्णय लिए, तो कांग्रेस सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।