चौपाल संदेश टीम : चंदखुरी स्थित माता कौशल्या धाम में भगवान श्रीराम की नई प्रतिमा स्थापित करने की तैयारी तेज हो गई है। वर्तमान में स्थापित 51 फीट ऊंची प्रतिमा का पिछला हिस्सा क्रैक होकर गिरने के बाद इसे बदलने की प्रक्रिया में तेजी आई है। ग्वालियर में तैयार नई प्रतिमा एक साल से अधिक समय से बोढ़ी गांव में रखी हुई है। अब इसे दीपावली और तुलसी पूजा के बीच शुभ अवसर पर मंदिर परिसर में स्थापित करने की तैयारी की जा रही है। बता दें कि नई प्रतिमा को स्थापित करने से पहले मूर्ती की अच्छे से सफाई और फिनिसिंग का कार्य किया जाएगा। छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड की अध्यक्ष नीलू शर्मा ने बताया कि नई प्रतिमा पूरी तरह सुरक्षित है। इसे स्थापित करने के संबंध में संतों से चर्चा हो चुकी है। प्रयास है कि दीपावली और तुलसी पूजा के बीच प्रतिमा की स्थापना कर दी जाए। हालांकि, स्थापना की अंतिम तारीख मंदिर समिति तय करेगी।
चंदखुरी में स्थापित की जाने वाली नई प्रतिमा भी 51 फीट ऊंची होगी। इसे दो-दो टन के 14 पत्थरों को जोड़कर तैयार किया गया है। प्रतिमा के अलग-अलग हिस्सों को बड़े क्रेन की मदद से एक-एक कर जोड़ते हुए स्थापित किया जाएगा। वहीं, पुरानी प्रतिमा को हटाना भी चुनौतीपूर्ण होगा। मूर्तिकार के अनुसार, पुरानी प्रतिमा की स्थापना के दौरान भी बड़ी क्रेनों का इस्तेमाल किया गया था। अब उसे हटाने के लिए भी इसी तरह की व्यवस्था करनी होगी। जानकारी के अनुसार, नई प्रतिमा का स्वरूप शिवरीनारायण और सीतामढ़ी हरचौका में स्थापित प्रतिमाओं जैसा होगा। चंदखुरी की मौजूदा प्रतिमा को लेकर पिछली सरकार के समय से विवाद उठते रहे हैं। अब नई प्रतिमा स्थापित होने से धाम को नया स्वरूप मिलने की उम्मीद है।
