Bihar News: नीतीश सरकार के शपथ ग्रहण समारोह से विपक्ष के नेताओं ने दूरी बनाई। तेजस्वी यादव भी नहीं गए। उन्होंने ट्वीट करके नीतीश कुमार और उनके मंत्रियों को बधाई दी। बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल की शर्मनाक हार के बाद तेजस्वी यादव का पहला सार्वजनिक बयान आया है। तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार और उनके सभी सहयोगियों को बधाई देते हुए जनता के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन की कामना की है।
सोशल मीडिया हैंडल X पर तेजस्वी यादव ने लिखा है, “आदरणीय श्री नीतीश कुमार जी को बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर हार्दिक बधाई। मंत्रिपरिषद् के सदस्य के रूप में शपथ लेने वाले बिहार सरकार के सभी मंत्रियों को हार्दिक शुभकामनाएँ। आशा है नई सरकार जिम्मेदारीपूर्ण लोगों की आशाओं और अपेक्षाओं पर खरा उतर अपने वादों एवं घोषणाओं को पूरा करेगी तथा बिहारवासियों के जीवन में सकारात्मक व गुणात्मक परिवर्तन लाएगी।”

तेजस्वी यादव ने दावा किया था कि इस बार बिहार में परिवर्तन होगा। उन्होंने नीतीश सरकार को खटारा बताते हुए इसे अविलंब बदलने पर जोर दिया। वे खुद को भविष्य का सीएम के रूप में प्रोजेक्ट करने लगे। लेकिन बिहार की जनता ने एक बार फिर से सत्ता का ताज नीतीश कुमार के सिर पर दसवीं बार रख दिया। इधर मात्र 25 सीटें लेकर तेजस्वी यादव खामोश हो गए। उनकी गतिविधियां दिख नहीं रहीं थी। नई सरकार के शपथ ग्रहण के बाद तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार को बधाई देने के लिए पोस्ट लिखकर चुप्पी तोड़ी।