Ram Mandir donation scam, रायपुर । श्रीराम मंदिर अयोध्या में चढ़ावे की कथित चोरी एवं वित्तीय अनियमितताओं को लेकर देशभर में उठ रहे सवालों के बीच आज छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देशानुसार शहर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा शास्त्री चौक में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं आम नागरिक शामिल हुए।
प्रदर्शन के दौरान भगवान श्रीराम के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधियों ने झांझ, मंजीरा एवं शंखनाद कर विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन स्थल पर धार्मिक वातावरण के बीच कांग्रेसजनों ने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों देशवासियों की आस्था के केंद्र हैं और उनके मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा श्रद्धा से अर्पित किए गए चढ़ावे में यदि किसी प्रकार की वित्तीय अनियमितता हुई है तो इसकी निष्पक्ष जांच होना देश की जनता का अधिकार है।
कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा एक नुक्कड़ नाटक का मंचन भी किया गया। इस नाटक के माध्यम से प्रतीकात्मक रूप से दान पेटी रखकर यह दर्शाया गया कि किस प्रकार मंदिर में चढ़ाए गए दान में कथित रूप से अनियमितताएं हुईं। इस प्रस्तुति के माध्यम से कांग्रेस ने सरकार से पूरे मामले की पारदर्शी जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने की मांग की।
इस अवसर पर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन ने कहा कि भगवान श्रीराम किसी एक दल की नहीं बल्कि पूरे देश की आस्था के प्रतीक हैं। करोड़ों श्रद्धालु अपनी मेहनत की कमाई से मंदिर में दान करते हैं। ऐसे पवित्र दान में कथित रूप से लगभग 100 करोड़ रुपये की चोरी की खबरें अत्यंत गंभीर हैं और पूरे देश के रामभक्तों की भावनाओं को आहत करने वाली हैं।
श्रीकुमार मेनन ने आरोप लगाया कि इस कथित चोरी की राशि का उपयोग भाजपा द्वारा विभिन्न राज्यों के विधानसभा चुनावों में किया गया तथा सांसदों एवं विधायकों की खरीद-फरोख्त जैसे राजनीतिक उद्देश्यों के लिए भी इस धन का दुरुपयोग किया गया। उन्होंने कहा कि यदि इन आरोपों में सत्यता है तो यह केवल आर्थिक अनियमितता नहीं बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के साथ विश्वासघात है। उन्होंने कहा कि देश की जनता जानना चाहती है कि भगवान के नाम पर चढ़ाए गए दान का हिसाब-किताब कहाँ है और इस पूरे मामले की जवाबदेही किसकी है।
श्रीकुमार मेनन ने कहा कि कांग्रेस पार्टी भगवान श्रीराम का सम्मान करती है और रामभक्तों की आस्था की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने कहा कि धर्म के नाम पर राजनीति करने वाले लोगों को अब देश की जनता को जवाब देना होगा। मंदिर की पवित्रता और श्रद्धालुओं के विश्वास को बनाए रखने के लिए इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने मांग की कि श्रीराम मंदिर अयोध्या में चढ़ावे की कथित चोरी एवं वित्तीय अनियमितताओं की जांच सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में कराई जाए, ताकि निष्पक्ष रूप से पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके। दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए तथा श्रद्धालुओं के विश्वास को पुनः स्थापित किया जाए।